नेपाल में सेना का नियंत्रण, एअर इंडिया-इंडिगो की सारी उड़ानें हुई रद्द, हजारों प्रदर्शनकारी अब भी सड़कों पर

Published : Sep 10, 2025, 11:29 AM IST
Nepal Protest Violence

सार

Nepal Violence: नेपाल में भ्रष्टाचार और सोशल मीडिया पाबंदी के खिलाफ शुरू हुआ आंदोलन तीसरे दिन भी जारी है। प्रदर्शन हिंसक रूप ले चुका है और राजधानी काठमांडू समेत कई इलाकों में झड़पें और आगजनी हो रही हैं।

Nepal Protest Violence: नेपाल में सोशल मीडिया बंद और भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन का आज तीसरा दिन है। हिंसा रोकने के लिए नेपाली सेना ने मंगलवार रात 10 बजे से पूरे देश का नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया है। सेना ने चेतावनी दी है कि कुछ उपद्रवी आम लोगों और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा रहे हैं। लूटपाट और आगजनी जैसी घटनाओं को तुरंत रोकना जरूरी है। प्रदर्शनकारियों के दबाव में प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने इस्तीफा दे दिया और उन्होंने काठमांडू छोड़ दिया। इससे पहले आंदोलनकारियों ने उनके घर, राष्ट्रपति भवन और सुप्रीम कोर्ट में आग लगा दी थी।

मंगलवार को हिंसक हो गया प्रदर्शन

काठमांडू और आसपास के इलाकों में हुई झड़पों और आगजनी में अब तक 22 लोग मारे जा चुके हैं और 400 से अधिक लोग घायल हैं। नेपाल में भ्रष्टाचार और राजनीतिक अस्थिरता के खिलाफ आंदोलन किसी अचानक से नहीं हुआ। जनता और Genz यानी कि नई पीढ़ी, लंबे समय से नाराज थी। सोशल मीडिया पर पाबंदी ने उनके गुस्से को और बढ़ा दिया। मंगलवार को प्रदर्शन और हिंसक हो गए। पूर्व प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा पर हमला हुआ और पूर्व पीएम झलनाथ खनाल की पत्नी को सड़क पर जिंदा जला दिया गया।

हजारों प्रदर्शनकारी अब भी सड़कों पर

हालात बेकाबू होते देख नेपाल की सेना ने मंगलवार रात से काठमांडू के हवाई अड्डे और सिंहदरबार जैसे सरकारी ठिकानों का नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया। सेना प्रमुख जनरल अशोक राज सिग्देल ने प्रदर्शनकारियों से शांति और बातचीत का रास्ता अपनाने की अपील की। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्दी ठीक होने की कामना की। हालांकि सड़कों पर गुस्सा कम नहीं हुआ है। हजारों प्रदर्शनकारी अब भी सड़कों पर हैं, सरकारी दफ्तरों पर हमले जारी हैं। सेना के हेलिकॉप्टरों ने कुछ मंत्रियों को सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाया। राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल ने भी शांति बनाए रखने की अपील की है। 

यह भी पढ़ें: Nepal Violence: प्रदर्शनकारियों ने पूर्व पीएम झालानाथ की पत्नी को जिंदा जलाया

भारत पर भी पड़ रहा इस अशांति का असर

इस अशांति का असर भारत पर भी पड़ रहा है। उत्तराखंड में सीमा जिलों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। काठमांडू हवाई अड्डे पर 39 कर्नाटक के लोग फंसे हुए हैं, उनकी सुरक्षित वापसी के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। नेपाल में हालात के कारण सैकड़ों उड़ानें रद्द हो चुकी हैं। दुनिया की नजर भी नेपाल पर है। रूस ने चिंता जताई और अपने नागरिकों को नेपाल यात्रा से बचने की सलाह दी। सेना ने चेतावनी दी है कि कुछ समूह प्रदर्शन की आड़ में लूटपाट और आगजनी कर रहे हैं। उन्होंने सभी से शांति बनाए रखने और हिंसा रोकने की अपील दोहराई। नेपाल में जारी जन आंदोलनों और बिगड़ती सुरक्षा स्थिति के कारण एअर इंडिया और इंडिगो ने मंगलवार को दिल्ली और काठमांडू के बीच सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं।

PREV

अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

How Sergio Gor revived Trump-Modi ties, restored momentum: Al Mason
Operation Amistad: India boosts aid to quake-hit Venezuela as toll rises