
न्यूयॉर्क। ओडिशा में हुए भीषण ट्रेन हादसे (Odisha Train Accident) पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भाजपा और केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। सोमवार को अमेरिका के न्यूयॉर्क में प्रवासी भारतीयों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा को जिम्मेदारी लेने की आदत नहीं है। आप उनसे कुछ भी पूछे वे आपपर ही दोष मढ़ देंगे।
राहुल गांधी ने केंद्र की भाजपा सरकार पर कहा कि उनकी एक ही विचारधारा है कि वास्तविकता को स्वीकार नहीं करना। वे सच स्वीकार करने के बदले बहाने बनाते हैं। राहुल ने कहा कि जब केंद्र में कांग्रेस सत्ता में थी तब इसी तरह की ट्रेन त्रासदी होने पर तत्कालीन रेल मंत्री ने जिम्मेदारी ली थी और नैतिकता के चलते इस्तीफा दे दिया था।
राहुल गांधी बोले- ट्रेन हादसा होने पर कांग्रेस के मंत्री ने दिया था इस्तीफा
राहुल गांधी ने कहा, "मुझे याद है कांग्रेस सत्ता में थी तब एक ट्रेन हादसा हुआ था। कांग्रेस ने यह नहीं कहा था कि ट्रेन हादसा ब्रिटिश गलती के चलते हुई। कांग्रेस के मंत्री (उस वक्त रेल मंत्रालय की जिम्मेदारी संभालने वाले मंत्री) ने कहा कि यह मेरी जिम्मेदारी है। मैं इस्तीफा दे रहा हूं। अब हमारे घर (भारत) में यह समस्या है कि हम बहाने बनाते हैं और वास्तविकता को स्वीकार नहीं करते हैं।"
राहुल ने आगे दावा किया कि भाजपा की आदत है कि वह अपनी गलतियों को स्वीकार नहीं करती है। सवाल पूछने पर दोष कांग्रेस पर मढ़ देती है। उन्होंने कहा, "आप उनसे (भाजपा) कुछ भी पूछिए, वे पीछे मुड़कर देखेंगे और दोष मढ़ देंगे। उनसे पूछें कि ओडिशा ट्रेन दुर्घटना कैसे हुई? वे इस बारे में बात करेंगे कि कांग्रेस ने 50 साल पहले क्या किया था।" इससे पहले राहुल गांधी ने रविवार को ट्वीट कर रेल मंत्री के इस्तीफे की मांग की थी।
अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।