
कैलिफोर्निया। अमेरिका के डॉक्टरों ने पहली बार जेनेटिकली मॉडिफाइड सूअर के दिल (Genetically modified pig's heart) को इंसान में सफलतापूर्वक प्रतिरोपित किया है। यह ऑपरेशन शुक्रवार को अमेरिका के बाल्टीमोर में किया गया। इस ऑपरेशन ने मेडिकल साइंस को नई दिशा तो दिखाई ही है, साथ ही ऑर्गन ट्रांसप्लांट के लिए लंबी होती जा रही सूची को छोटी करने के लिए भी एक विकल्प तैयार किया है।
97 हजार से ज्यादा लोगों को चाहिए किडनी
बताते चलें कि अमेरिका समेत दुनियाभर में ऑर्गन ट्रांसप्लांट की सूची लंबी होती जा रही है। अमेरिकी स्वास्थ्य संसाधन और सेवा प्रशासन के अनुसार, सितंबर 2021 में लगभग 1.20 लाख ऑर्गन ट्रांसप्लांट की वेटिंग लिस्ट में हैं। इसमें सर्वाधिक आवश्यकता किडनी की थी। 1.20 लाख अंगों में से 97 हजार से अधिक लोगों को किडनी की आवश्यकता थी। इसके अलावा लगभग 3,500 लोगों को हार्ट ट्रांसप्लांट की आवश्यकता थी। लंग्स, लिवर और पैन्क्रियाज की भी वेटिंग लिस्ट काफी लंबी है, लेकिन यह किडनी से काफी छोटी है।
अभी तय करना है लंबा रास्ता
यूनाइटेड नेटवर्क फॉर ऑर्गन शेयरिंग के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. डेविड क्लासेन ने कहा कि सूअर के हार्ट को इंसान में ट्रांसप्लांट करना बड़ी संख्या में रोगियों के लिए फायदेमंद हो सकता है। लेकिन इसके एक वैध विकल्प बनने से पहले अभी भी लंबा रास्ता तय करना है। उन्होंने कहा कि दरवाजे खुलने लगे हैं। मुझे विश्वास है, कि हमारे ऑर्गन फेलियर के इलाज की तकनीक में बड़े बदलाव होने हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की थेरेपी में परिपक्व होने में लंबा समय लगता है।
हम रोमांचित हैं, लेकिन नहीं जानते कल क्या होगा
ऑपरेशन करने वाले डॉ बार्टले ग्रिफिथ का कहना है कि सूअर का दिल नाड़ी बनाता है। दबाव बनाता है। यह अब इंसान का दिल हो चुका है। यह काम कर रहा है और सामान्य दिखता है। उन्होंने कहा कि ऐसा करके हम रोमांचित हैं, लेकिन हम नहीं जानते कि कल हमारे लिए क्या लेकर आएगा। ऐसा पहले कभी नहीं किया गया।
अमेरिका में ऑर्गन ट्रांसप्लांट की वेटिंग लिस्ट
| ऑर्गन | वेटिंग लिस्ट |
| किडनी | 97,200 |
| लिवर | 11,700 |
| हार्ट | 3,500 |
| पेन्क्रियाज | 1,200 |
| लंग्स | 1,200 |
| अन्य | 2,300 |
(स्रोत : अमेरिकी स्वास्थ्य संसाधन और सेवा प्रशासन) सितंबर 2021 तक के आंकड़े।
यह भी पढ़ें
साइंस का चमत्कार: दुनिया में पहली बार इंसान में सुअर का 'दिल' ट्रांसप्लांट, दूर होगी 'ऑर्गन डोनर' की टेंशन
सर्दी-खांसी में बेहद फायदेमंद है गर्म भाप, जानिए इसे लेने का सही तरीका
अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।