दुनिया में कोरोनाः अब तक 15 लाख केस, 88 हजार मौतें, रूस के प्रेसिडेंट बोले- अगले 3 हफ्ते अहम

Published : Apr 09, 2020, 09:21 AM IST
दुनिया में कोरोनाः अब तक 15 लाख केस, 88 हजार मौतें, रूस के प्रेसिडेंट बोले- अगले 3 हफ्ते अहम

सार

दुनिया भर में कोरोना का संक्रमण तेजी से बढ़ता जा रहा है। दुनिया के 210 देशों में 15 लाख से अधिक लोग पॉजिटिव हैं। जबकि 88 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। अमेरिका, स्पेन, इटली और फ्रांस में संक्रमण का मामला बढ़ता जा रहा है। रूस के प्रेसिडेंट पुतिन ने कहा- कोरोना के संक्रमण के लिए अगले तीन हफ्ते अहम हैं। 

वॉशिंगटन. दुनिया भर में कोरोना का कहर बढ़ता ही जा रहा है। कोरोना से अब तक 15 लाख 18 हजार 719 लोग संक्रमित हुए हैं। जबकि 88 हजार से अधिक लोगों की जान चली गई है। हालांकि दुनिया भर में 3 लाख 30 हजार लोग ठीक भी हो चुके हैं। कोरोना वायरस से अमेरिका, स्पेन, इटली और फ्रांस का बुरा हाल है। कोरोना वायरस के कारण अमेरिका में अब तक 14 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 4 लाख से अधिक लोग संक्रमित हैं। वहीं, स्पेन में भी मौत का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। यहां अब तक 14 हजार लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। जबकि इटली में मरने वालों की संख्या 17 हजार तक पहुंच गई है। 

उधर, WHO ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आरोपों पर जवाब दिया है। डब्ल्यूएचओ के प्रमुख टेड्रोस गेब्रेयसस ने  कहा- वायरस का राजनीतिकरण मत कीजिए। ऐसा करने से मतभेद बढ़ते हैं। इस समय हमें एक दूसरे की कमी निकालने में समय बर्बाद नहीं करना चाहिए। अगर आप और ज्यादा मौतें देखना चाहते हैं, तो ही ऐसा करिए। ट्रम्प ने मंगलवार को  डब्ल्यूएचओ पर कोरोना वायरस को लेकर सही वक्त पर जानकारी न देने का आरोप लगाया था। इसके साथ ही उन्होंने अपने हिस्से की फंडिंग रोकने की धमकी दी थी।

दुनिया के देशों का हाल 

अमेरिका में 4.3 लाख पॉजिटिव 

कोरोना के कहर से अमेरिका का बुरा हाल है। कोरोना वायरस से अब तक 4 लाख 35 हजार लोग संक्रमित हैं। जबकि 14 हजार से अधिक लोगों की जान चली गई है। यहां बुधवार को को 31 हजार से अधिक संक्रमण के मामले सामने आए हैं। 1940 लोगों की मौत हुई है। कोरोना के कहर से अमेरिका भयंकर तबाही के मुहाने पर खड़ा है। अमेरिका का न्यूयॉर्क कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित है। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि न्यूयॉर्क के मुर्दाघरों में शव दफनाने के लिए जगह तक नहीं बची हैं। न्यूयॉर्क में अकेले संक्रमित मरीजों की संख्या 1.5 लाख के पार है। जबकि 6268 लोगों की जान जा चुकी है। जबकि न्यू जर्सी में 47 हजार से अधिक लोग संक्रमित हैं।  

फ्रांस में मौतों का आंकड़ा 10 हजार के पार

फ्रांस में कोरोना का संक्रमण तेजी से पांव पसार रहा है। यहां अब तक 10 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। worldometers.info वेबसाइट के मुताबिक बुधवार को यहां 541 लोगों की मौत हुई है। जबकि मंगलवार को 1417 लोगों की जान चली गई थी। वहीं, संक्रमण के केस भी लगातार बढ़ रहे हैं। यहां अब तक 1 लाख 12 हजार लोग संक्रमित पाए गए हैं। बुधवार को 3881 केस सामने आए हैं। 

ब्रिटेन : मरने वालों का आंकड़ा सात हजार पार

यहां बुधवार रात मरने वालों का आंकड़ा सात हजार के पार हो गया। हेल्थ मिनिस्ट्री के मुताबिक, देश में बुधवार को मौतों का आंकड़ा सात हजार 97 हो गया। 60 हजार 733 लोगों को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन लगातार तीसरे दिन आईसीयू में रहे। बताया जा रहा कि उनकी हालत स्थिर है। 

रूस के लिए अगले तीन हफ्ते बेहद अहम

राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बुधवार को कोरोना संकट पर मीटिंग की। कहा, “हम उन देशों पर नजर रख रहे हैं जिन्होंने कोरोना के खिलाफ निर्णायक कदम उठाए और उन्हें सफलता भी मिली। महामारी के शुरुआती चार से पांच हफ्ते बेहद मुश्किल थे। अब हम सही रास्ते पर हैं। लेकिन, अगले दो से तीन सप्ताह बेहद अहम रहेंगे।” रूस में अब तक आठ हजार 600 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। जबकि 60 लोगों की मौत हो चुकी है।  

स्पेन में मरने वालों की संख्या हुई 14 हजार 

कोरोना वायरस के संक्रमण से दो चार हो रहे स्पेन में स्थिति नियंत्रण में नहीं है। यहां मौत का आंकड़ा 14 हजार 792 तक पहुंच गया है। जबकि संक्रमण के केस  1 लाख 48 हजार हो गए हैं। बीते 24 घंटे में कुल 743 संक्रमितों ने दम तोड़ दिया है। 

इटली में 24 घंटे में 542 लोगों की मौत

इटली के सिविल प्रोटेक्शन डिपार्टमेंट के मुताबिक, देश में अब तक एक लाख 39 हजार 422 केस की पुष्टि हो चुकी है। वहीं, 17 हजार 669 लोगों की मौत हुई है। यहां अब तक 26 हजार 491 लोग ठीक हो चुके हैं। इटली में बुधवार को 542 लोगों ने दम तोड़ा है, जबकि संक्रमण के 3836 मामले सामने आए हैं। महामारी के कारण इटली ने अपने बंदरगाहों को प्रवासी जहाजों के लिए बंद कर दिया है।

PREV

अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

H-1B वीज़ा पर अपने ही घर में घिरे ट्रंप-20 राज्यों ने बताया खतरनाक-खटखटाया कोर्ट का दरवाजा
पुतिन की मीटिंग में जबरन घुसे पाकिस्तानी PM शहबाज शरीफ, VIDEO वायरल, जानिए क्यों?