दुनिया में कोरोनाः अब तक 1.03 लाख लोगों की मौत, एक दिन में पहली बार किसी देश में 2000 से ज्यादा की हुई मौत

दुनिया भर के 210 देशों में कोरोना से संक्रमित मरीदों की संख्या लगभग 17 लाख पहुंच गई है। जबकि मरने वालों का आंकड़ा 1 लाख के पार पहुंच गया है। अमेरिका में कोरोना से 24 घंटे में 2034 लोगों की मौत हुई है। एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि न्यूयॉर्क में वेंटिलेटर पर रखे गए 80 फीसदी लोगों ने दम तोड़ा है। वहीं, इटली में 3 मई तक लॉकडाउन को बढ़ा दिया गया है। 
 

Asianet News Hindi | Published : Apr 11, 2020 3:30 AM IST / Updated: Apr 11 2020, 07:06 PM IST

वॉशिंगटन. दुनियाभर में कोरोना वायरस का कहर तेजी से बढ़ता जा रहा है। कोरोना के संक्रमण से अब तक 1 लाख 3 हजार से ज्यादा लोगोंं की जान जा चुकी है। कोरोना के संक्रमण से दुनिया भर के 210 देशों में 17 लाख लोग संक्रमित हैं। कोरोना के संक्रमण के से अमेरिका का बुरा हाल है। अमेरिका में मरने वालों की संख्या 18 हजार के पार पहुंच गया है। जबकि संक्रमण का आंकड़ा 5 लाख के पार हो गया है। वहीं, फ्रांस में भी तेजी से संक्रमण बढ़ता जा रहा है। 

इटली के पीएम जूजेप्पे कॉन्टे ने देश में लॉकडाउन तीन मई तक बढ़ा दिया है। बीबीसी के  मुताबिक, माना जा रहा है कि लॉकडाउन का यहां काफी असर हुआ है। हालांकि, कोरोना से यहां सबसे ज्यादा 18 हजार 849 लोगों की मौत हुई है।

अमेरिका में 24 घंटे में 2 हजार मौतें 

कोरोना के कहर से अमेरिका में भयंकर तबाही के मुहाने पर खड़ा है। एक ओर जहां संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। वहीं, मरने वालों का भी ग्राफ तेजी से बढ़ता जा रहा है। यहां 24 घंटे में दो हजार 34 लोगों की मौत हुई है। यह पहली बार है कि कोरोना से किसी देश में एक दिन में इतनी मौतें हुई हों। जबकि 33752 नए केस सामने आए हैं। जिसके बाद अमेरिका में संक्रमण का आंकड़ा 5 लाख 2 हजार 876 हो गई है। वहीं, मरने वालों की संख्या 18 हजार 747 हो गई है। 

अमेरिका के न्यूयॉर्क राज्य ने संक्रमण के मामले में सभी देशों को पीछे छोड़ दिया है। राज्य में अब तक एक लाख 72 हजार 358 कोरोना मरीज मिल चुके हैं। यहां 24 घंटे में 777 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही मौतों का आंकड़ा सात हजार 844 हो गया है। मीडिया रिपोर्टस के अनुसार, न्यूयॉर्क के अधिका का कहना है कि शहर में जिन कोरोना संक्रमित मरीजों को वेंटीलेटर पर रखा जा रहा है उनमें से 80 प्रतिशत मरीजों की मौत हो जा रही है। वांशिगटन युनिवर्सिटी के मेडिकल स्कूल की क्रिटिकल केयर स्पेशियलिस्ट डॉक्टर टिफनी ऑस्बर्न का कहना है कि वेंटिलेटर मरीजों के फेफड़ों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। वहीं, डॉक्टर नेगीन हजीजादेह के मुताबिक- वेंटिलेटर से उन मरीजों को फायदा मिल रहा है, जिन्हें निमोनिया है। लेकिन कोरोना संक्रमित मरीजों को नुकसान पहुंचा रहा है। 

इटली में 24 घंटे में 570 मरीजों की मौत 

चीन के बाद कोरोना वायरस ने इटली में तेजी से पांव पसारे हैं। यहां 24 घंटे में 570 लोगों की मौत हुई है, जबकि संक्रमण के करीब चार हजार मामले सामने आए हैं। यहां अब तक कोरोना के एक लाख 47 हजार मरीज मिल चुके हैं।  इससे पहले यहां 9 मार्च से 3 अप्रैल तक लॉकडाउन लगाया गया था, जिसे 13 अप्रैल तक बढ़ा दिया गया। लेकिन, अब इसे तीन मई तक बढ़ाया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इटली की सरकार ने पाया है कि लॉकडाउन से संक्रमण को रोकने में फायदा मिला है। जिसके बाद यह निर्णय लिया गया है। वहीं, दूसरी तरफ इटली में संक्रमण और मौत के मामलों में गिरावट देखी गई है। यहां शुक्रवार को 570 लोगों की मौत हुई जबकि 3951 केस सामने आए। उससे पहले गुरुवार को यहां 604 लोगों की मौत हुई थी। जबकि 4204 नए मामले सामने आए थे। 

फ्रांस में अब तक 13 हजार से ज्यादा लोगों की मौत

फ्रांस में शुक्रवार को 987 लोगों ने दम तोड़ा है। इसके साथ ही वहां मौतों का आंकड़ा 13 हजार से ज्यादा हो गया है। इटली, स्पेन और अमेरिका के बाद फ्रांस चौथा देश हैं, जहां सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं। फ्रांस में कोरोना का संक्रमण का संक्रमण तेजी से बढ़ा है। यहां अब तक 1 लाख 24 हजार से अधिक संक्रमण के मामले सामने आए हैं। 

ब्रिटेन पीएम की हालत में सुधार, अब तक 8 से अधिक मौतें 

ब्रिटेन में 73 हजार 758 लोग कोरोना से संक्रमित हैं। यहां आठ हजार 958 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, स्थानीय मीडिया के मुताबिक, यहां 102 साल की एक महिला कोरोना से ठीक हो गई है। शुक्रवार को महिला को लिवरपुल के एक अस्पताल से छुट्टी मिली। हालांकि, उसका नाम उजागर नहीं किया गया। न्यूज एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, महिला को केयर होम में रखा जाएगा। नर्सों ने ताली बजाकर महिला को अस्पताल से विदा किया। 

ब्रिटेन के लिए राहत भरी खबर है कि प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन आईसीयू से बाहर आ गए हैं। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें सोमवार रात लंदन के सेंट थॉमस अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। उन्हें वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। 27 मार्च को बोरिस जॉनसन की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद उन्होंने खुद को आइसोलेट कर लिया था। इसके 10 दिन बाद उनकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई। ब्रिटेन में अब तक 73 हजार से अधिक लोग संक्रमति हैं। जबकि लगभग 9 हजार लोगों की मौत हो चुकी है। 

स्पेन में 24 घंटे में 634 मौतें, 5 हजार नए केस 

चीन के वुहान शहर से शुरू हुए कोरोना वायरस ने दुनिया के हर कोने में तबाही मचाई है। कोई भी देश इससे बच नहीं पाया है। स्पेन में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या 1 लाख 58 हजार 273 हो गई है। जबकि अब तक 16 हजार 81 लोगों की मौत हो चुकी है। स्पेन में पिछले 24 घंटे में 5 हजार 51 नए केस सामने आए हैं। वहीं, 634 लोगों ने दम तोड़ दिया है। इससे पहले गुरुवार को यहां 655 लोगों की मौत हुई थी। 

Share this article
click me!