
इस्लामाबाद. आर्थिक तंगी से जूझ रहा पाकिस्तान खाड़ी देशों को खुश करने के लिए हर तरीके का हथकंडा अपनाता है। इस बार भी कुछ ऐसा ही हुआ। दरअसल, पाकिस्तान की इमरान सरकार ने बहरीन के राजा शेख हमाद बिन सलमान अल खलीफा परिवार को बेजुबान सोन चिरैया के शिकार को मंजूरी दी है।
पाकिस्तान में संरक्षित होऊबारा बस्टर्ड (सोन चिरैया) को लुप्तप्राय माना जाता है। इसके बावजूद बहरीन के शाही परिवार के 7 सदस्यों को 100-100 सोन चिरैया के शिकार की मंदूरी दी गई है। इसके लिए पाकिस्तान सरकार ने हर चिड़िया के लिए 2-2 करोड़ रुपए बसूले हैं। इससे पहले कतर के शेख और राजघराने के नौ अन्य सदस्यों को शिकार की परमिट दी गई थी।
विरोध के बावजूद सरकार ने दी मंजूरी
पाकिस्तान के लोग लगातार सोन चिरैया के शिकार की मंजूरी का विरोध करते रहे हैं। यहां तक की जब इमरान विपक्ष में थे, तब उन्होंने इसे राष्ट्रीय शर्म कहा था। लेकिन अब उनकी पार्टी सत्ता में है तो उन्होंने भी शेखों को शिकार की मंजूरी दी।
पाकिस्तान के मध्य एशियाई क्षेत्र में आती हैं सोन चिरैया
पाकिस्तान में आम लोगों को सोन चिरैया के शिकार की अनुमति नहीं है। यह चिड़िया नवंबर से जनवरी के दौरान पाकिस्तान के मध्य एशियाई क्षेत्र में आती हैं। यहां मौसम थोड़ा गर्म रहता है। हालांकि, सोन चिरैया की आबादी लगातार घटती जा रही है।
शेख सेहत के लिए फायदेमंद मानते हैं
अरब के शेखों को सोन चिरैया का शिकार काफी पसंद है। वे इसके मांस को सेहत के लिए फायदेमंद मानते हैं। शेखों का मानना है कि इससे सेक्स पावर बढ़ती है। पाकिस्तान सरकार अरब देशों की खिदमत के लिए शिकार की अनुमति देती है।
अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।