Saudi Arabia Missile Attack: सऊदी अरब के जीज़ान में एक तेल रिफाइनरी पर मिसाइल से हमला हुआ है। इस हमले में नेपाल के रहने वाले एक मजदूर की जान चली गई, जबकि अलग-अलग देशों के कई अन्य लोग घायल हुए हैं।
Jizan Refinery Attack: सऊदी अरब के जीजान इलाके में एक पेट्रोलियम रिफाइनरी को मिसाइल से निशाना बनाया गया है। गुरुवार को हुए इस हमले के बाद रिफाइनरी परिसर में भीषण आग लग गई। घटना में नेपाल के एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि अलग-अलग देशों के कई अन्य कर्मचारी घायल हो गए। सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्रालय ने हमले की पुष्टि करते हुए इसकी जानकारी दी है।
अधिकारियों के मुताबिक, मिसाइल हमले के बाद रिफाइनरी में आग तेजी से फैलने लगी। हालांकि, दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझाए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद सुरक्षा कारणों से रिफाइनरी के कुछ हिस्सों में काम अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।
नेपाल के मजदूर की मौत, कई कर्मचारी घायल
इस हमले में नेपाल के रहने वाले एक कर्मचारी की जान चली गई। वहीं, अलग-अलग देशों के कई अन्य मजदूरों को भी चोटें आई हैं। घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई और उनका इलाज जारी है। ऊर्जा मंत्रालय ने मृतक मजदूर के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। साथ ही घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
मौके पर पहुंचीं बचाव टीमें और विशेषज्ञ
हमले की सूचना मिलते ही बचाव दल, तकनीकी विशेषज्ञ और संबंधित अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए। इसके बाद राहत और सुरक्षा से जुड़े जरूरी कदम उठाए गए। अधिकारी रिफाइनरी को हुए नुकसान का आकलन कर रहे हैं। इसके अलावा, संयंत्र के बाकी हिस्सों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी काम किया जा रहा है।
रिफाइनरी के कुछ हिस्सों में काम बंद
ऊर्जा मंत्रालय के अनुसार, हमले के कारण रिफाइनरी के कुछ परिचालन अस्थायी रूप से रोकने पड़े हैं। फिलहाल प्राथमिकता कर्मचारियों की सुरक्षा, नुकसान का आकलन और संयंत्र के सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित करना है।
हालांकि, अभी तक हमले के पीछे किसका हाथ है, इसे लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। हमले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।












