Funeral Pre Booking: क्या आप जीते-जी अपने अंतिम संस्कार की तैयारी कर सकते हैं? दिल्ली की Moksha Voyage दे रही है प्री-बुकिंग की सुविधा। जानें ₹29,999 से ₹1.5 लाख तक के पैकेज में क्या-क्या मिलेगा।
Pre Planned Funeral Services: मौत के बाद अंतिम संस्कार की व्यवस्था करना परिवार के लिए भावनात्मक रूप से बेहद मुश्किल समय होता है। ऐसे में अगर किसी व्यक्ति की अंतिम विदाई की तैयारियां पहले से तय हों, तो परिजनों की परेशानी कुछ कम हो सकती है। इसी सोच के साथ दिल्ली की एक कंपनी Moksha Voyage (मोक्ष यात्रा) लोगों को जीते-जी अपने अंतिम संस्कार की योजना बनाने का ऑप्शन दे रही है। कंपनी न सिर्फ अंतिम संस्कार की पूरी व्यवस्था करती है, बल्कि व्यक्ति की धार्मिक मान्यताओं और पसंद के अनुसार अंतिम विदाई की तैयारियां भी संभालती है। इसकी सेवाओं की शुरुआत 29,999 रुपये से होती है।
क्या है Moksha Voyage और कैसे काम करती है यह कंपनी?
Moksha Voyage अंतिम संस्कार से जुड़ी प्रोफेशनल सेवाएं देने वाली कंपनी है। यह दिल्ली-NCR में अपनी सेवाएं उपलब्ध करा रही है, जिसमें गाजियाबाद भी शामिल है। कंपनी का उद्देश्य परिवार को अंतिम संस्कार के दौरान होने वाली भागदौड़ और व्यवस्थाओं की चिंता से राहत देना है। इसकी सेवाओं में शव को ले जाने के लिए वाहन, मोर्चरी और शव को सुरक्षित रखने की सुविधा, श्मशान में अंतिम संस्कार, पंडित और पूजा सामग्री की व्यवस्था शामिल है। इसके अलावा अस्थि संचयन, अस्थि विसर्जन और मृत्यु के बाद होने वाले दूसरे धार्मिक संस्कारों में भी मदद की जाती है।
₹29,999 से ₹1.5 लाख तक के हैं तीन पैकेज
Moksha Voyage ने अलग-अलग जरूरतों के हिसाब से तीन सर्विस पैकेज तैयार किए हैं।
- सम्मान सेवा (Samman Sewa): यह 29,999 रुपये का बेसिक पैकेज है। इसमें अंतिम संस्कार के दिन की व्यवस्था, परिवार को जरूरी मार्गदर्शन, पंडित, पूजा सामग्री और आवश्यक दस्तावेजों में सहायता मिलती है।
- श्राद्ध सेवा (Shraddha Sewa): इसमें अंतिम संस्कार से लेकर अस्थि विसर्जन तक की व्यवस्था शामिल है। अस्थि संचयन और विसर्जन के लिए वाहन, पंडित, कलश और जरूरी डॉक्यूमेंट की सहायता भी दी जाती है।
- मोक्ष संकल्प सेवा (Moksha Sankalp Sewa): यह सबसे व्यापक पैकेज है, जिसकी कीमत 1.5 लाख रुपये बताई गई है। इसमें मृत्यु के बाद 13 दिनों तक परिवार को धार्मिक और अन्य व्यवस्थाओं में सहयोग दिया जाता है। ब्राह्मण भोज और अस्थि विसर्जन के लिए हरिद्वार जाने की यात्रा व्यवस्था भी इसमें शामिल है।
जीते-जी अंतिम संस्कार की प्लानिंग करने का क्या है फायदा?
कंपनी लोगों को अपनी अंतिम विदाई से जुड़ी इच्छाएं पहले से बताने और उन्हें दस्तावेजों में दर्ज कराने का विकल्प देती है। इससे परिवार को यह समझने में आसानी हो सकती है कि व्यक्ति किस तरह का अंतिम संस्कार चाहता था और उसकी धार्मिक परंपराओं के अनुसार कौन-सी रस्में होनी चाहिए। इसका एक फायदा खर्च और व्यवस्थाओं को लेकर पहले से स्पष्टता होना भी है। हालांकि, प्री-बुकिंग के समय सेवाओं की शर्तें और पैकेज में शामिल सुविधाएं समझना जरूरी है।
ये भी पढ़ें- कौन हैं वर्धमान जैन? तिरुपति बालाजी को दान किया 121 किलो सोना, जानिए कितनी है नेटवर्थ और क्या है कारोबार
गरीब परिवारों के लिए मुफ्त अंतिम संस्कार की सुविधा भी
Moksha Voyage की पहल Moksha Sewa के तहत आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों और लावारिस या बेसहारा लोगों के अंतिम संस्कार में मुफ्त सहायता दी जाती है। कंपनी का कहना है कि आर्थिक स्थिति चाहे जैसी हो, हर व्यक्ति को सम्मानजनक अंतिम विदाई मिलनी चाहिए। इस पहल से जुड़ी अभिनेत्री और Bigg Boss 19 की प्रतिभागी तान्या मित्तल ने भी जरूरतमंदों को सम्मान के साथ अंतिम विदाई देने के प्रयास का समर्थन किया है।












