भारत पाक के बीच निलंबित डाक सेवा फिर से शुरु, अनुच्छेद 370 को लेकर दोनों देशों में बढ़ गया है तनाव

Published : Nov 19, 2019, 05:16 PM ISTUpdated : Nov 19, 2019, 05:22 PM IST
भारत पाक के बीच निलंबित डाक सेवा फिर से शुरु, अनुच्छेद 370 को लेकर दोनों देशों में बढ़ गया है तनाव

सार

भारत द्वारा जम्मू कश्मीर का विशेष दर्जा वापस लेने के लिए संविधान के अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधान समाप्त करने और राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों में बांटने के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव उत्पन्न हो गया था।

इस्लामाबाद: पाकिस्तान ने भारत के साथ डाक सेवा तीन महीने तक निलंबित रखने के बाद फिर से बहाल कर दी है। भारत द्वारा जम्मू कश्मीर का विशेष दर्जा समाप्त करने के निर्णय के मद्देनजर पाकिस्तान ने दोनों देशों के बीच डाक सेवा निलंबित कर दी थी। यह जानकारी पाकिस्तानी मीडिया ने मंगलवार को दी। भारत द्वारा जम्मू कश्मीर का विशेष दर्जा वापस लेने के लिए संविधान के अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधान समाप्त करने और राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों में बांटने के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव उत्पन्न हो गया था।

बिना किसी नोटिस के पाकिस्तान ने बंद कर दी थी सेवाएं

भारत के गत पांच अगस्त के निर्णय को लेकर पाकिस्तान ने कड़ी प्रतिक्रिया जताई। पाकिस्तान ने राजनयिक संबंध कमतर कर दिए और उसके साथ सभी संवाद संबंधों के साथ ही व्यापारिक संबंध भी निलंबित कर दिए। पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार भारत के साथ डाक मेल सेवा बहाल हो गई है लेकिन पार्सल सेवा निलंबित रहेगी। हालांकि, भारत के साथ सीमित डाक सेवा बहाली के बारे में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। पाकिस्तान ने 27 अगस्त के बाद से भारत से कोई डाक खेप स्वीकार नहीं की थी। इस कदम को जम्मू कश्मीर का विशेष दर्जा समाप्त करने के जवाब के तौर पर देखा जा रहा था।

संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने गत अक्टूबर में कहा था कि पाकिस्तान ने डाक सेवा एकतरफा बंद की और उसने ऐसा भारत को कोई पूर्व नोटिस दिए बिना किया। प्रसाद ने कहा था, ‘‘पाकिस्तान का निर्णय विश्व डाक यूनियन के नियमों के बिल्कुल विपरीत है। यद्यपि पाकिस्तान पाकिस्तान है।’’

पाकिस्तान का कदम अभूतपूर्व था क्योंकि डाकसेवा पूर्व में बंटवारे, युद्धों और सीमापार तनावों के बीच भी जारी रही थी।

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)

PREV

अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

Pakistan School Roof Collapse: पेशावर में छत गिरने से छात्रों समेत 28 की मौत, 30 घायल, VIDEO
Pakistan School Tragedy VIDEO: पाकिस्तान में स्कूल की छत गिरते ही मची चीख-पुकार, 16 बच्चों की मौत