
वर्ल्ड डेस्क। पनामा नहर के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध पनामा ने चीन को बड़ा झटका दिया है। पनामा के राष्ट्रपति जोस राउल मुलिनो ने चीन के बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव से हटने की घोषणा की है। यह फैसला ऐसे समय किया गया है जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने
पनामा नहर पर अमेरिकी नियंत्रण फिर से लागू करने की धमकियां दी हैं। पनामा नहर समुद्र के रास्ते होने वाले कारोबार के लिए बेहद अहम मार्ग है। इस रास्ते दुनिया भर के समुद्री यातायात का 6% हिस्सा गुजरता है।
मुलिनो ने कहा कि पनाना चीन की बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव के साथ अपने समझौते के समाप्त होने पर इसे रिन्यू नहीं करेगा। देश का प्रशासन जांच करेगा कि क्या इसे समय से पहले खत्म किया जा सकता है। इस फैसले के साथ ही पनामा बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव से पीछे हटने वाला पहला लैटिन अमेरिकी देश बन गया है।
बता दें कि बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव चीन की बड़ी महत्वाकांक्षी योजना है। चीन का कहना है कि उसका उद्देश्य इस पहल के जरिए गरीब देशों को उनके आधारभूत संरचना विकसित करने में मदद करना है। हालांकि आलोचकों का कहना है कि यह चीन की चाल है। इसके जरिए वह गरीब देशों को अपने कर्ज के जाल में फंसा रहा है और उनके संसाधनों पर कब्जा कर रहा है।
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने मुलिनो को चेतावनी देते हुए कहा था कि वे "पनामा नहर पर चीनी प्रभाव" को तुरंत कम करें। ऐसा नहीं करने पर अमेरिका की ओर से जवाबी कार्रवाई हो सकती है।
पनामा नहर का निर्माण अमेरिका द्वारा किया गया था। इसे 1914 में खोला गया था। बाद में इसे 1999 में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति जिमी कार्टर ने नहर पनामा को सौंप दिया था। पनामा में चीन के बढ़ते असर से ट्रंप नाराज थे। उन्होंने पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद पनामा नहर का नियंत्रण वापस लेने की धमकी दी थी। कहा था कि चीन इसे कंट्रोल कर रहा है।
यह भी पढ़ें- यूरोपियन यूनियन पर भी टैरिफ लगाएंगे ट्रंप, बोले- उसने हमारे साथ बहुत गलत किया
ट्रंप ने रविवार को कहा, "चीन पनामा नहर चला रहा है। यह चीन को नहीं दी गई थी। उन्होंने समझौते का उल्लंघन किया है। हम इसे वापस लेने जा रहे हैं या कुछ बहुत शक्तिशाली होने जा रहा है।"
अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।