
Vladimir Putin On US Tariff: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार को अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि ट्रंप पहले यह कहते थे कि शांति के लिए यूक्रेन को अपनी जमीन छोड़नी होगी, लेकिन पिछले हफ्ते उन्होंने बयान बदलते हुए कहा कि यूक्रेन अपनी जमीन रूस से वापस लेगा।
पुतिन ने ट्रंप की बातों पर पलटवार करते हुए कहा कि रूस कोई कागजी शेर नहीं है। अगर यूरोप ने उकसाने की कोशिश की तो उसे तुरंत और कड़ा जवाब दिया जाएगा। बता दें कि ट्रंप ने हाल ही में रूस को कागजी शेर कहा था। तेल खरीद के मुद्दे पर पुतिन ने साफ कहा कि अमेरिका चाहे जितना भी दबाव डाले, भारत झुकेगा नहीं। भारत अपने हितों से समझौता नहीं करेगा और कभी अपमानित होना स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि मोदी ऐसा कोई कदम नहीं उठाएंगे जो भारत की गरिमा के खिलाफ हो। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने वाल्दाई डिस्कशन ग्रुप में बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि अगर रूसी तेल की आपूर्ति बंद हो जाती है, तो पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था पर असर पड़ेगा और तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल से भी ज्यादा हो सकती हैं।
पुतिन ने कहा कि यूक्रेन में रूस की सेना अमेरिका के नेतृत्व वाले पूरे नाटो से लड़ रही है और लगातार आगे बढ़ रही है। उन्होंने यह भी साफ किया कि रूस की किसी नाटो सदस्य देश पर हमला करने की कोई योजना नहीं है। लेकिन अगर कोई यह सोचता है कि वह रूस से सैन्य ताकत में मुकाबला कर सकता है, तो वह अपनी सोच पर कायम रह सकता है और आजमा भी सकता है।
यह भी पढ़ें: 2025 के अंत तक चीन के लिए उड़ानें शुरू कर सकती है एयर इंडिया
पुतिन ने कहा कि अगर कोई भी परमाणु संपन्न देश नाभिकीय परीक्षण करता है, तो रूस भी वैसा ही करेगा। उन्होंने नाटो देशों पर आरोप लगाया कि वे यूक्रेन को हथियार, खुफिया जानकारी और ट्रेनिंग दे रहे हैं। इसके बावजूद उनमें यह डर फैल रहा है कि रूस उन पर हमला कर सकता है। पुतिन ने कहा कि यह आशंका बिल्कुल गलत है और इस पर यकीन नहीं किया जा सकता।
अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।