रूस ने यूक्रेन पर दागी 600 से अधिक मिसाइलें, लगा दी 95% युद्ध शक्ति

Published : Mar 07, 2022, 06:50 PM IST
रूस ने यूक्रेन पर दागी 600 से अधिक मिसाइलें, लगा दी 95% युद्ध शक्ति

सार

अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार यूक्रेन पर आक्रमण शुरू होने के बाद से रूस ने 600 से अधिक मिसाइलें दागी हैं। रूस ने यूक्रेन में अपनी कुल युद्ध शक्ति का लगभग 95% हिस्सा लगा दिया है।

वाशिंगटन। रूस और यूक्रेन के बीच जंग (Russia Ukraine War) का आज  12वां दिन है। राजधानी कीव यूक्रेन के कई बड़े शहरों में दोनों देशों के सैनिकों के बीच घमासान लड़ाई हुई है। रूसी हमले के चलते 12 दिनों में यूक्रेन के कई शहर बर्बाद हो गए हैं। यूक्रेन को जीतने के लिए रूस ने पूरी ताकत लगा दी है। यूक्रेनी सैनिकों और आम लोगों के कड़े प्रतिरोध के चलते रूस को काफी नुकसान उठाना पड़ा है।

इस बीच सीएनएन ने अमेरिकी सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के हवाले से खबर दी है कि रूस ने यूक्रेन पर 600 से अधिक मिसाइलें दागी हैं। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार यूक्रेन पर आक्रमण शुरू होने के बाद से रूस ने 600 से अधिक मिसाइलें दागी हैं। एक वरिष्ठ अमेरिकी रक्षा अधिकारी ने कहा कि रूस ने यूक्रेन के अंदर अपनी कुल युद्ध शक्ति का लगभग 95% हिस्सा लगा दिया है। 

लड़ाई पर करीब से नजर रख रहा अमेरिका 
अधिकारी के अनुसार, अमेरिका यूक्रेन में चल रही लड़ाई पर करीब से नजर रख रहा है। रविवार को खेरसॉन और मायकोलाइव में घमासान लड़ाई हुई। रूसी सेना अभी भी कीव, खाखिव, चेर्निहाइव और मारियुपोल को घेरने की कोशिश कर रही है। मजबूत यूक्रेनी प्रतिरोध के चलते रूसी सेना के आगे बढ़ने की रफ्तार कम हुई है। 

इस बीच, कीव के उत्तर में विशाल रूसी काफिला (जो लगभग 64 किलोमीटर लंबा है) रुका हुआ है। यह कीव से कितनी दूर है इस पर कोई अपडेट नहीं है। पिछले सप्ताह के अंत में यह कीव के केंद्र से लगभग 25 किलोमीटर दूर था। कीव के आकाश में अभी भी लड़ाई लड़ी जा रही है। यूक्रेनियन और रूसियों ने अपनी हवाई युद्ध शक्ति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बरकरार रखा है। अधिकारी ने कहा कि हमारा मानना है कि देश के अधिकांश हिस्सों में यूक्रेन के लोगों के पास अभी भी संचार के साधन, इंटरनेट और मीडिया तक पहुंच है।

मारे गए 11,000 रूसी सैनिक
वहीं, यूक्रेन की ओर से दावा किया गया है कि लड़ाई में 11 हजार रूसी सैनिक मारे गए हैं। यूक्रेन के विदेश मंत्रालय ने यूक्रेन पर आक्रमण के बाद से रूस को हुए नुकसान का ब्योरा साझा किया है। इसमें बताया गया है कि सोमवार तक कुल 11,000 रूसी सैनिक मारे गए। युद्ध के दौरान विभिन्न प्रकार के 999 बख्तरबंद वाहन, 46 विमान, 68 हेलीकॉप्टर, 290 टैंक, 117 तोप और 50 एमएलआर नष्ट किए गए। इसके अलावा, नष्ट की गई सुविधाओं में 60 टैंक, 454 वाहन, 3 जहाज, 7 यूएवी और 23 एंटी एयर क्राफ्ट सिस्टम शामिल हैं।

PREV

अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

Iran Protest: मौतों का आंकड़ा 2000 के पार, एक साथ 4 मोर्चों पर जंग लड़ रहा ईरान
Iran: कौन है 26 साल का सुल्तानी जिसे फांसी पर लटकाएगा ईरान