
वर्जीनिया। अमेरिका के वर्जीनिया में गोलीबारी (Shooting in Virginia USA) की एक घटना हुई है। ग्रेजुएशन सेरेमनी के दौरान 19 साल के एक लड़के ने लोगों को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इसके चलते दो लोगों की मौत हो गई और सात घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिसकर्मी जब आरोपी के घर गए तो हथियारों का जखीरा देख चौंक गए।
गोलीबारी की यह घटना मंगलवार को हुई। पुलिस अधिकारी रिक एडवर्ड्स ने बताया कि वर्जीनिया के रिचमंड में डाउनटाउन थिएटर के बाहर हाई स्कूल स्नातक समारोह के दौरान गोलीबारी हुई। एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की उम्र 19 साल है। उसपर सेकंड डिग्री की हत्या के दो आरोप लगाए गए हैं। गोलीबारी में सात लोग घायल हुए हैं। मरने वाले दोनों पुरुष थे। एक की उम्र 18 साल और दूसरे की उम्र 36 साल थी। मृतकों के नाम नहीं बताए गए हैं हालांकि यह कहा गया है कि गोली चलाने वाला उनमें से एक को जानता था।
आरोपी के घर से पुलिस को मिले कई हैंडगन
पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपी के घर से कई हैंडगन बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि थिएटर के पास मंगलवार शाम करीब 5:15 बजे गोलबारी की आवाज सुनी गई। सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी पहुंचे तो देखा कि कई लोग जख्मी हैं। घायलों को तुरंत हॉस्पिटल पहुंचाया गया। रिचमंड के मेयर लेवर स्टोनी ने कहा, “हम गोलीबारी में शामिल लोगों को न्याय के कठघरे में लाने के लिए सब कुछ करने जा रहे हैं। ऐसा कहीं नहीं होना चाहिए।"
अमेरिका में गन कल्चर के चलते बढ़ी गोलीबारी की घटना
गौरतलब है कि अमेरिका उन देशों में शामिल है जहां किसी नागरिक के लिए बंदूक खरीदना बेहद आसान है। यहां लोग कपड़े और बर्तन की तरह राइफल खरीद सकते हैं। इसके चलते बहुत से लोगों के पास हथियार हैं। हथियारों तक आसान पहुंच के चलते यहां पिछले कुछ समय में गोलीबारी की घटनाओं में तेजी से वृद्धि हुई है।
अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।