
विएना. ऑस्ट्रिया की राजधानी विएना में मंगलवार सुबह आतंकी हमला हुआ, जिसमें 7 लोगों की मौत हो गई। कई लोग घायल हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, 6 अलग-अलग लोकेशन्स पर फायरिंग हुई। ऑस्ट्रिया के होम मिनिस्टर कार्ल नेहमार के मुताबिक, घटना को आतंकी हमले के अलावा और कुछ नहीं कहा जा सकता है। बताया जा रहा है कि संदिग्ध हमलावर को जवाबी कार्रवाई में मार गिराया गया है।
मंगलवार की सुबह 5 बजे हुआ हमला
ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना में मंगलवार की सुबह 5 बजे हमला किया गया। एक यहूदी धर्मस्थल (सिनेगॉग) को भी निशाना बनाया गया।
हमले में एक अफसर की मौत
हमलावरों को लेकर कुछ पुख्ता जानकारी नहीं मिली है। पुलिस के मुताबिक, हमले में एक अफसर मारा गया है। एक हमलावर यहूदी धर्मस्थल सिनेगॉग के पास फायरिंग करता नजर आया। उसने चेहरे पर मास्क लगा रहा था। विएना में यहूदी समुदाय के नेता ओस्कर ड्यूटेक ने कहा, हम यह नहीं कह सकते कि हमला किसने किया और क्या हमारा धर्मस्थल ही निशाने पर था। ताजा जानकारी के मुताबिक, संदिग्ध हमलावरों को जवाबी कार्रवाई में मार गिराया गया है।
यहूदियों के पूजा स्थल पर हुई घटना
घटना वियना के सेंट्रल स्वीडन प्लाट्ज स्क्वॉयर पर हुई, जो कि यहूदियों के एक पूजा स्थल के पास है। ऑस्ट्रिया के गृह मंत्रालय ने इसे आतंकी हमला बताया है। मुंबई जैसे ही यहां भी एक साथ कई इलाकों में हमला हुआ है। वियना में मारे गए एक आतंकी के शरीर पर बम बंधा बेल्ट मिला है, बम डिफ्यूज करने वाली टीम मौके पर है।
क्या कहा ऑस्ट्रिया के चांसलर ने?
इस हमले के बाद ऑस्ट्रिया के चांसलर सेबेस्टियन कुर्ज ने कहा है कि हम अपने देश में कठिन समय से गुजर रहे हैं। हमारी पुलिस ने इस घिनौने आतंकी हमले को अंजाम देने वाले को मार गिराया है। कुर्ज ने कहा कि हम आतंक के आगे कभी नहीं झुकेंगे और हम हर तरीके से यह लड़ाई लड़ेंगे। चांसलर का कहना है कि जहां एक ओर पुलिस एंटी टेरर ऑपरेशन में जुटी है, वहीं दूसरी ओर सेना को अहम इमारतों की सुरक्षा में लगाया गया है। बता दें कि विएना में लोगों से घरों में रहने की अपील की गई है। साथ ही सार्वजनिक स्थानों से दूर रहने और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल न करने की अपील की गई है।
ट्रंप बोले - अमेरिका आतंक के खिलाफ लड़ाई में ऑस्ट्रिया और फ्रांस के साथ
विएना में हुए आतंकी हमले को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी कड़ी निंदा की है। ट्रंप ने ट्वीट करते हुए लिखा कि 'हमारी प्रार्थनाएं विएना के लोगों के साथ हैं निर्दोष लोगों के खिलाफ इन बुरे हमलों को रोकना होगा। अमेरिका कट्टरपंथी इस्लामी आतंकवादियों समेत सभी आतंकवादियों के खिलाफ लड़ाई में ऑस्ट्रिया, फ्रांस और पूरे यूरोप के साथ खड़ा है।
भारत के पीएम नरेंद्र मोदी ने जताई संवेदना
विएना में हुए आतंकी हमले को लेकर भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कड़ी निंदा की है। उन्होंने ट्वीट कर कहा है कि 'विएना में हुए नृशंस आतंकी हमलों से दुःख के साथ गहरा सदमा लगा है। इस दुखद समय में भारत ऑस्ट्रिया के साथ खड़ा है। मेरे संवेदनाएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं।'
अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।