
हिरोशिमा। जापान के हिरोशिमा में चल रहे G7 शिखर सम्मेलन (G7 Summit) में हिस्सा लेने के लिए यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की पहुंचे हैं। G7 के सदस्य देशों ने रूस और यूक्रेन के बीच चल रही जंग को लेकर बयान जारी किया है। इसमें कहा गया है कि G7 रूस द्वारा किए गए अवैध हमले के खिलाफ खड़े हैं। G7 ने कहा गया कि रूस द्वारा किया गया हमला संयुक्त राष्ट्र के चार्टर का उल्लंघन है। पूरी दुनिया पर युद्ध का असर पड़ा है। G7 रूसी आक्रमण की निंदा करता है।
जी7 ने कहा- कम नहीं होगा यूक्रेन को हमारा समर्थन
जी7 ने कहा कि रूस द्वारा शुरू की गई लड़ाई से 15 महीने में हजारों लोगों की जान गई है। यूक्रेन के लोगों को बहुत नुकसान हुआ है। हम यूक्रेन के लोगों के प्रति अपनी पूरी संवेदना प्रकट करते हैं। यूक्रेन के लोग बहादुरी से रूसी आक्रमण का सामना कर रहे हैं। हम उन्हें सैल्यूट करते हैं। यूक्रेन को हमारा समर्थन कम होने वाला नहीं है।
रूस पर जी7 लगाएगा और अधिक पाबंदियां
जी7 ने कहा कि यूक्रेन में रूस को जीत नहीं मिले इसके लिए हम नए कदम उठा रहे हैं। यूक्रेन के लोगों को हमारी मदद जारी रहेगी। हम यूक्रेन को अपना मानवीय, वित्तीय, सैन्य और राजनयिक समर्थन जारी रखेंगे। हम रूस पर और अधिक पाबंदियां लगा रहे हैं। हम रूस के लिए लड़ाई महंगी करने पर काम कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- G7 Summit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन, खुद गए उनकी कुर्सी के पास, देखें वीडियो
रूस के हाथ में है युद्ध बंद करना
जी 7 के देशों ने कहा कि हम रूस से तुरंत आक्रमण रोकने की अपील करते हैं। यूक्रेन की जमीन से रूस बिना किसी शर्त के अपने सभी सैनिकों और हथियारों को हटाए। रूस ने लड़ाई शुरू की। वह इसे खत्म कर सकता है। हमला कर रूस द्वारा यूक्रेन की जमीन पर कब्जा करना अंतरराष्ट्रीय कानूनों और UN चार्टर के खिलाफ है। रूस द्वारा बिना शर्त सभी सैनिकों और सैन्य साजोसामान यूक्रेन से हटाए बिना किसी प्रकार की शांति की स्थापना नहीं हो सकती।
अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।