
वाशिंगटन. अमेरिकी चुनाव में करारी शिकस्त के बाद निवर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने राजधानी वॉशिंगटन में शक्ति प्रदर्शन किया है। लाखों की तादाद में ट्रंप समर्थक 'मिलियन MAGA मार्च' में हिस्सा लेने के लिए देश की राजधानी वॉशिंगटन पहुंचे। इस दौरान ट्रंप समर्थकों और उनके विरोधियों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। दोनों ही पक्षों के बीच जमकर मारपीट और नारेबाजी हुई। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया. इस घटना पर ट्रंप ने वॉशिंगटन के मेयर और वामपंथी संगठन ANTIFA पर निशाना साधा है।
चुनाव में करारी शिकस्त के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वाशिंगटन में शक्ति प्रदर्शन किया। इस दौरान लाखों की संख्या में लोग राष्ट्रपति ट्रंप को अपना समर्थन देने के लिए वॉशिंगटन पहुंचे। उन्होंने राष्ट्रपति चुनाव के परिणाम के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुतााबिक इस प्रदर्शन के दौरान ट्रंप विरोधी संगठनों एंटीफा, ब्लैक लाइव्स मैटर (BLM)और ट्र्रंप समर्थक संगठन प्राउड ब्वायज के बीच झड़प हो गई। वॉशिंगटन में जैसे-जैसे अंधेरा फैलता गया ट्रंप विरोधियों का प्रदर्शन और ज्यादा उग्र होता गया।
इसलिए बिगड़ गई स्थिति
एंटीफा, ब्लैक लाइव्स मैटर के लोगों ने ट्रंप समर्थकों का प्रताड़ित किया और उनकी लाल टोपी तथा झंडे छीनकर उसे आग लगा दी। वॉशिंगटन पोस्ट के मुताबिक यह झड़प रात को और ज्यादा तेज हो गई। ट्रंप विरोधियों ने वहां पर लगाए स्टॉल को पलट दिया जो ट्रंप समर्थक सामान बेच रहे थे। ट्रंप समर्थकों और विरोधियों के बीच यह झड़प अमेरिकी राष्ट्रपति कार्यालय वाइट हाउस से कुछ ही दूरी पर हुई। दोनों के बीच यह झड़प काफी देर तक चलती रही। हालांकि बाद में पुलिस पहुंची और उसने दोनों को अलग किया।
दोनों पक्षों से कई लोग हुए घायल
दोनों ही पक्षों से कई लोग घायल हुए हैं और पुलिस ने कम से कम 10 लोगों को अरेस्ट किया है। चार लोगों को बंदूक रखने के आरोप में भी अरेस्ट किया गया है। एक व्यक्ति के पीठ में चाकू मार दिया गया है और उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया है। ट्रंप विरोधियों को हटाने के लिए पुलिस को पेपर स्प्रे का भी इस्तेमाल करना पड़ा है। बता दें कि जो बाइडेन की जीत के बाद से अभी तक राष्ट्रपति ट्रंप ने अपनी हार को स्वीकार नहीं किया है। ट्रंप ने इस चुनाव परिणाम को कानूनी चुनौती देने का वादा किया है। कई लोग यह भी आशंका जता रहे हैं कि ट्रंप तख्तापलट कर सकते हैं।
अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।