
Year Ender 2024: साल 2024 हमसे विदा ले रहा है। तमाम खुशियों के साथ यह साल सैकड़ों दर्द भी देकर जा रहा है। आपदाओं और विपदाओं के नाम पर भी यह साल खौफनाक यादें समेटे विदाई ले रहा है। इस साल दुनिया भर में कई बड़े विमान और हेलीकॉप्टर हादसों ने लाखों लोगों को गहरे शोक में डाल दिया। इन हादसों में सैकड़ों लोग अपनी जान गंवा बैठे, जिनमें आम नागरिक, एयरलाइन स्टाफ और मशहूर हस्तियां भी शामिल थीं। आईए जानें दुनिया के बड़े विमान हादसे जो इस साल हुए...
दक्षिण कोरिया के मुआन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 29 दिसंबर की सुबह ब्लैक संडे साबित हुआ। विमान Boeing 737-800 Jeju Air क्रैश हो गया। इसमें 175 यात्री और चालक दल के 6 लोग सवार थे। विमान थाइलैंड के बैंकॉक से आया था। क्रैश में 179 की मौत हो गई। विमान में 181 लोग सवार थे। दो लोगों को जिंदा निकाला गया।
अजरबैजान एयरलाइंस का एम्ब्रेयर 190 विमान कजाकिस्तान के अक्ताउ एयरपोर्ट पर उतरने के प्रयास में 25 दिसंबर को क्रैश हो गया था। विमान में 67 लोग सवार थे। 38 लोगों की मौत हुई थी। यह विमान रूस के एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा गलती से मिसाइल दागने से गिरा था। इस घटना को लेकर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने माफी मांगी थी। रूसी एयर डिफेंस यूक्रेन के हमलों का जवाब दे रहा था। उसी समय गलती से विमान की ओर मिसाइल फायर हो गई थी।
ब्राजील के साओ पाउलो में वोएपास एयरलाइंस द्वारा संचालित एक एटीआर-72 विमान 9 अगस्त को दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। खराब मौसम के चलते पायलटों ने विमान पर से नियंत्रण खो दिया था। इस हादसे में विमान में सवार सभी 62 लोगों की मौत हो गई थी। इनमें 58 यात्री और चालक दल के चार सदस्य शामिल थे।
24 जुलाई 2024 को नेपाल के काठमांडू के त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से सौर्य एयरलाइंस का एक विमान पोखरा के लिए उड़ान भरते वक्त दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में 18 लोगों की जान चली गई जिनमें 17 सौर्य एयरलाइंस के कर्मचारी थे और बाकी 2 क्रू मेंबर थे। यह विमान करीब 21 साल पुराना था और इसे मरम्मत के बाद टेस्टिंग के लिए उड़ाया जा रहा था। विमान ने सुबह करीब 11 बजे उड़ान भरी थी लेकिन कुछ ही मिनटों में यह हादसे का शिकार हो गया।
ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी का हेलीकॉप्टर 19 मई को क्रैश हो गया। खराब मौसम इस हादसा की वजह बना। इस हादसे में राष्ट्रपति रईसी, विदेश मंत्री हुसैन अमीराब्दुल्लाहियन समेत 9 लोग मारे गए। क्रैश, ईरान के सीमावर्ती शहर जोल्फा के पास हुआ जो तेहरान से लगभग 600 किलोमीटर दूर था। हेलीकॉप्टर का पायलट घने कोहरे और पहाड़ी इलाका की वजह से अपना कंट्रोल खो बैठा और वह क्रैश हो गया।
रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान रूस के बेलगोरोद इलाके में एक विमान क्रैश हो गया। जनवरी में हुए इस क्रैश में 74 लोग मारे गए थे। इस विमान में 65 यूक्रेनी कैदी और 9 रूसी क्रू मेंबर सवार थे। रूस ने यूक्रेन की मिसाइल हमले में क्रैश होने की बात कही जबकि यूक्रेन ने रूस पर आरोप लगाया।
मलावी के उपराष्ट्रपति सौलोस क्लॉस चिलिमा और उनके 9 सहयोगी एक विमान हादसे का शिकार हो गए। जून में यह हादसा उस वक्त हुआ जब उनका विमान खराब मौसम के कारण लापता हो गया। एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने विमान को लौटने का निर्देश दिया लेकिन विजिबिलीटी कम होने की वजह से ऐसा हो न सका। विमान का मलबा एक दिन बाद देश के उत्तरी हिस्से में पहाड़ी इलाके में मिला।
कैरेबियाई द्वीप के पास एक विमान दुर्घटना में हॉलीवुड अभिनेता क्रिश्चियन ओलिवर, उनकी दो बेटियों और पायलट की मौत हो गई थी। 6 जनवरी को यह हादसा ग्रेनाडाइन्स के एक छोटे से द्वीप पेटिट नेविस के पास हुआ था। फ्लाइट टेकऑफ के कुछ समय बाद टेक्निकल समस्या आई और एयरक्रॉफ्ट समुद्र में गिर गया।
चिली के पूर्व राष्ट्रपति सेबेस्टियन पिनेरा का हेलीकॉप्टर इस साल एक दुर्घटना का शिकार हुआ था। यह हादसा चिली के दक्षिणी हिस्से में हुआ था। हेलीकॉप्टर में चार लोग सवार थे, जिनमें से 3 लोग तो बच गए, लेकिन सेबेस्टियन पिनेरा की मौत हो गई। यह हादसा चिली में बड़े हादसों में शामिल हुआ और पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई।
21 जनवरी 2024 को अफगानिस्तान के बदख्शां प्रांत में एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस बिजनेस जेट में सात रूसी नागरिक सवार थे, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। यह विमान मोरक्को की एक एयरलाइन का था और इसके इंजन में आई खराबी के कारण यह हादसा हुआ था। हादसे में चालक दल के सदस्य और यात्री भी मारे गए।
जापान की राजधानी टोक्यो के हनेडा एयरपोर्ट के रनवे पर जापान एयरलाइंस एयरबस A350 और जापान कोस्ट गार्ड विमान के बीच 2 जनवरी को टक्कर हो गई थी। एयरलाइंस एयरबस की फ्लाइट में सवार सभी 379 यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया था। कोस्ट गार्ड विमान में सवार चालक दल के पांच सदस्यों की मौत हुई थी।
यह भी पढ़ें:
LCH प्रचंड से लेकर INS अरिघाट तक, 2024 में भारत की सेनाओं को मिले ये खास हथियार
अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।