12:45 AM (IST) Jun 22
Shiv Sena के बागी विधायकों को गुजरात से असम भेजा जाएगा

महाराष्ट्र के शिवसेना के बागी विधायकों जो एकनाथ शिंदे की अगुवाई में सूरत में डेरा डाले हुए हैं, को जल्द ही किसी दूसरे जगह शिफ्ट किया जाएगा। माना जा रहा है कि कुछ ही घंटों में विधायकों को असम भेजा जा सकता है। इसके लिए स्टेट प्लेन की व्यवस्था कर ली गई है। 

08:39 PM (IST) Jun 21
फोन पर शिंदे व उद्धव की बातचीत, शिंदे ने दिया बीजेपी से गठबंधन का प्रस्ताव

शिवसेना अपने बागी नेता एकनाथ शिंदे को मनाने में लगी है। उद्धव ने शिंदे से बातचीत के लिए मिलिंद नार्वेकर को भेजा है। नार्वेकर और शिंदे के बीच करीब एक घंटे मुलाकात चली। नार्वेकर ने फोन पर उद्धव से शिंदे की बातचीत कराई। सूत्रों की मानें तो करीब 20 मिनट चली इस बातचीत में उद्धव ने मुंबई आकर बातचीत का प्रस्ताव रखा। जबकि शिंदे भाजपा से गठबंधन पर अड़े रहे। शिंदे का कहना है कि अगर पार्टी की टूट को बचाना है तो बीजेपी के साथ गठबंधन का ऐलान हो। 
 

07:03 PM (IST) Jun 21
शिवसेना के दो नेताओं ने सूरत में की एकनाथ शिंदे से मुलाकात

शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे अब गुजरात के सूरत में एक रिसॉर्ट में शरण लिए हुए हैं। शिवसेना के दो नेताओं ने नाराज श्री शिंदे से आज शाम होटल में दो घंटे तक मुलाकात की। तथ्य यह है कि वह जिस जी-22 का नेतृत्व कर रहे हैं, उसकी मेजबानी भाजपा द्वारा शासित राज्य में की जा रही है। महाराष्ट्र में भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि पार्टी श्री शिंदे के साथ सरकार बनाने के लिए तैयार है।

04:26 PM (IST) Jun 21
शिवसेना का दावा-वापस आएंगे सभी मंत्री-विधायक

शिवसेना नेता संजय राउत ने बयान दिया है कि हमारी बात एकनाथ शिंदे से हुई है। एकनाथ शिंदे पर कार्रवाई होगी। किसी भी अनुशासन तोड़ने वाले पर कार्रवाई होगी। राउत ने यह भी कहा कि सूरत में विधायक काफी डरे हुए हैं। हमें पूरी उम्मीद है कि सभी विधायक व मंत्री वापस आएंगे। संजय राउत ने कहा कि एक बार विधायक हमारे कब्जे में आने दीजिए। हमारे विधायकों को छिपाया गया है। हमारी एनसीपी विधायकों से भी बात हो रही है। वहीं कांग्रसे पार्टी ने भी शाम को पार्टी विधायकों की बैठक बुलाई है। 

03:50 PM (IST) Jun 21
4 बजे शिवसेना करेगी शक्ति प्रदर्शन

एनसीपी नेता जयंत पाटिल ने दावा किया है कि उद्धव सरकार अल्पमत में नहीं आएगी। हालांकि उन्होंने यह जरूर कहा कि यह शिवसेना का आतंरिक मामला है। वहीं सूत्रों से जानकारी मिली है कि शिवसेना 4 बजे शक्ति प्रदर्शन कर सकती है। संपर्क में आए तीन विधायकों की परेड भी मीडिया के सामने कराई जा सकती है। हालांकि अभी घटनाक्रम चल रहा है और एकनाथ शिंदे क्या कदम उठाएंगे यह स्पष्ट नहीं है। 

02:46 PM (IST) Jun 21
शिवसेना ने शिंदे को हटाया, जवाब में आया ये ट्वीट

शिवसेना ने बागी विधायक एकनाथ शिंदे को पार्टी ने विधायक दल नेता पद से हटा दिया है। बगावत के बाद पार्टी ने शिंदे पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी से निकाल दिया है। वहीं एकनाथ शिंदे ने ट्वीट करके कहा कि वे पक्के शिवसैनिक हैं, सत्ता के लिए धोखा न दिया है, न देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वे बालासाहब के पक्के शिवसैनिक हैं। एकनाथ शिंदे अभी बागी विधायकों के साथ सूरत में हैं। 

02:24 PM (IST) Jun 21
क्या अहमदाबाद जाएंगे बागी विधायक

महाराष्ट्र में जारी पालिटिकल गहमागहमी के बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता शरद पवार सामने आए हैं और दावा किया है कि सरकार चलती रहेगी। इसके कुछ ही देर बाद तीन बागी विधायकों को सीएम आवास पहुंचा दिया गया है। वहीं सूत्रों ने बताया कि सूरत में रह रहे विधायकों को अब अहमदाबाद शिफ्ट किया जा सकता है।  

02:19 PM (IST) Jun 21
शिंदे समर्थक तीन विधायकों को लाया गया

शरद पवार एक बार फिर से महाराष्ट्र सरकार में संकटमोचक बनकर उभरे हैं। उनकी प्रेस कांफ्रेंस के दौरान ही एकनाथ शिंदे का समर्थन कर रहे तीन विधायकों को मुंबई के एक फाइव स्टार होटल से मातोश्री लागा गया है। यह जिम्मेदारी शिवसेना एमएलसी सचिन अहीर ने निभाई। दादा भूसे, संजय राठौड़ और संजय बांगड़ को सीएम आवास लाया गया है।

02:11 PM (IST) Jun 21
ढाई साल से चल रही कोशिशः पवार

एनसीपी के प्रमुख शरद पवार ने ताजा घटनाक्रम पर कहा कि महाराष्ट्र में ऐसा पहली बार नहीं हो रहा है।  महाराष्ट्र में यह तीसरी बार हो रहा है। ढाई साल में तीसरी बार सरकार गिराने की कोशिश की जा रही है। साथियों से मिलकर बात करेंगे कि ऐसा क्यों हुआ। शरद पवार ने कहा कि पहले विधायकों को गुरूग्राम में रखा गया था। सरकार गिराने की साजिश है। उद्धव के नेतृत्व में सरकार चलती रहेगी। एमएलसी चुनाव में क्रास वोटिंग होती रहती है। शिंदे को सीएम बनना है ऐसा मैंने अब तक नहीं सुना है। शिंदे की नाराजगी शिवसेना का अंदुरूनी मामला है। शिंदे को नई जिम्मेदारी का फैसला सीएम करेंगे। नेतृत्व में बदलाव का निर्णय शिवसेना करेगी। उद्धव ठाकरे बेहतर नेतृत्व दे रहे हैं और हम उद्धव को सपोर्ट जारी रखेंगे।

01:47 PM (IST) Jun 21
बढ़ाई गई विधायकों की सुरक्षा

मुंबई में शिवसेना के बागी विधायक एकनाथ शिंदे के घर के बाहर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उनके घर के बाहर पुलिसबल तैनात किया गया है। वहीं सूरत के जिस होटल में महाराष्ट्र के विधायक ठहरे हैं, वहां भी पुलिस की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। 

01:42 PM (IST) Jun 21
2 बजे मीडिया से बात करेंगे शरद पवार

महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी सरकार में महत्वपूर्ण घटक राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के सुप्रीमो शरद पवार दोपहर 2 बजे मीडिया से बात कर सकते हैं। माना जा रहा है कि अब तक चले घटनाक्रम को लेकर शरद पवार प्रेस कांफ्रेंस करेंगे। वहीं कांग्रेस के नेताओं ने भी शिवसेना में हुई बगावत पर ज्यादा कुछ कहने से इंकार किया है। 

01:38 PM (IST) Jun 21
मुंबई नहीं छोड़ेंगे कांग्रेसी विधायक

महाराष्ट्र में चल रही हलचल के बीच कांग्रेस ने कहा है कि वे पूरी तरह से शिवसेना के साथ खड़ी है। सीएम उद्धव ठाकरे ने भी कांग्रेस के विधायकों से मुलाकात की है। कहा जा रहा है कि कांग्रेस के विधायक अब दिल्ली नहीं जाएंगे। सभी कांग्रेसी विधायकों को मुंबई में ही रहने को कहा गया है। 

01:35 PM (IST) Jun 21
2 बजे शिंदे कर सकते हैं प्रेस कांफ्रेंस

मिली जानकारी के अनुसार शिवसेना के बागी विधायक एकनाथ शिंदे आज 2 बजे प्रेस कांफ्रेंस कर सकते हैं। माना जा रहा है कि एकनाथ शिंदे एनसीपी और शिव सेना गठबंधन के बीच आई दूरियों और दिक्कतों पर बात करेंगे. यह भी कहा जा रहा है कि वे बीजेपी से मिलकर सरकार बनाने का सुझाव उद्धव ठाकरे को दे सकते हैं। अब सबकी निगाहें एक नाथ शिंदे के प्रेस कांफ्रेंस पर टिकी हैं।  

01:28 PM (IST) Jun 21
जेपी नड्डा से मिलने पहुंचे अमित शाह

महाराष्ट्र के ताजा घटनाक्रम ने मुंबई से लेकर दिल्ली तक हलचल मचा दी है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दोपहर में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिलने के लिए उनके आवास पहुंचे हैं। माना जा रहा है कि महाराष्ट्र में शिवसेना विधायकों की बगावत पर भी चर्चा हो सकती है। 

01:15 PM (IST) Jun 21
सीएम की बैठक में पहुंचे 15 विधायक

महाराष्ट्र में राजनैतिक संकट गहरा गया है क्योंकि सत्ता की अगुवाई कर रही शिवसेना के करीब 30 विधायक सीएम की बैठक में नहीं पहुंचे हैं। सूत्रों की मानें तो मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की मीटिंग में शिवसेना के कुल 56 विधायकों में से सिर्फ 15 विधायक ही पहुंचे हैं, जिससे माना जा रहा है कि 30 विधायक गायब हैं। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि महाराष्ट्र में अगले कुछ घंटों में क्या नया होने वाला है। 


 

12:53 PM (IST) Jun 21
कांगेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण का बयान

कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण से जब यह पूछा गयाकि क्या वह एमवीए को हारते हुए देख रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप अंततः सरकार गिर जाएगी। तो उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी तरह के किंतु, परंतु की जगह नहीं है। एमएलसी चुनाव में हमारा बहुमत थोड़ा कम हो गया है, यह चिंता का विषय है। उन्होंने यह भी कहा कि किसी अन्य पार्टी के साथ क्या हो रहा है, इस पर मैं कोई टिप्पणी नहीं करूंगा। लेकिन जरूरत पड़ने पर हम सही जगह पर इस पर चर्चा करेंगे। यह सार्वजनिक रूप से चर्चा करने के लिए कुछ नहीं है। 

12:47 PM (IST) Jun 21
एकनाथ शिंदे ने किया बड़ा खेल

शिवसेना के सबसे भरोसेमंद नेताओं में गिने जाने वाले एकनाथ शिंदे के बारे में सूचना है कि वे करीब 20 विधायकों के साथ गुजरात के सूरत शहर में डेरा जमाए बैठे हैं। इधर विधान परिषद चुनाव में शिवसेना की हार के बाद से ही संकट के बादल मंडराने लगे हैं। अब मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि वे अपनी सरकार बचा पाते हैं या नहीं। हालांकि कांग्रेस के नेताओं ने बैठक की है लेकिन एनसीपी की ओर से अभी तक इस घटनाक्रम पर कोई बयान सामने नहीं आया है। 

12:19 PM (IST) Jun 21
भाजपा नेता ने क्या कहा

महाराष्ट्र भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत दादा पाटिल ने कहा कि राजनीतिक घटनाक्रम पर हम बारीकी से ध्यान बनाए हुए हैं। इससे कुछ परिवर्तन होगा ये कहना थोड़ा असामयिक होगा। वहीं कांग्रेस नेताओं ने मुंबई में बालासाहेब थोराट के आधिकारिक आवास पर मुलाकात की; इस दौरान कांग्रेस नेता अशोक चव्हाण भी मौजूद रहे।

12:19 PM (IST) Jun 21
संजय राउत ने क्या कहा

शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि शिवसेना के कुछ विधायक और एकनाथ शिंदे से फिलहाल संपर्क नहीं हो पा रहा है। महाविकास अघाड़ी की सरकार को गिराने की कोशिश की जा रही है लेकिन BJP को यह याद रखना होगा कि महाराष्ट्र राजस्थान या मध्य प्रदेश से बहुत अलग है।