लंबे समय से गिरावट का मुंह देख रहे शेयर बाजार के लिए मंगलवार का दिन मंगल साबित हुआ। सेंसेक्स जहां 1131 प्वाइंट बढ़ गया, वहीं निफ्टी में भी 325 अंकों की बढ़त रही।
निवेशकों की संपत्ति चंद घंटों में ही 7 लाख करोड़ रुपए बढ़ गई। BSE-लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप 393 लाख करोड़ रुपए था, जो बढ़कर 400 लाख करोड़ के करीब पहुंच गया।
बाजार की तेजी में मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स का अहम योगदान रहा। BSE मिडकैप इंडेक्स 2.10% जबकि स्मॉलकैप इंडेक्स 2.73 फीसदी उछल गया।
BSE-सेंसेक्स के 30 में से 26 शेयर हरे निशान पर बंद हुए। मंगलवार को सबसे ज्यादा तेजी Zomato के शेयर में दिखी और ये 7.11 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ।
इसके अलावा आईसीआईसीआई बैंक 3.25% और महिंद्रा एंड महिंद्रा 3.19 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए। एल एंड टी के शेयर में 3.06% की तेजी दिखी और ये 3270 पर क्लोज हुआ।
सबसे ज्यादा गिरावट बजाज फिनसर्व के शेयर में देखने को मिली। स्टॉक 1.44 फीसदी की गिरावट के साथ 1844.65 पर क्लोज हुआ। इसके अलावा भारती एयरटेल भी 0.72% की गिरावट पर बंद हुआ।
मंगलवार को शेयर बाजार में आई तेजी के पीछे कई कारण हैं, जिनमें मैक्रोइकॉनॉमिक संकेतकों में सुधार के साथ ही भारत के आर्थिक आंकड़ों में मजबूती शामिल है।
अमेरिका और चीन के रिटेल सेल्स डेटा से भी निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ है। वहीं यूरोप और एशिया के बाजारों में भी तेजी देखने को मिली। क्रूड ऑयल में गिरावट ने भी बाजार को सपोर्ट किया।