
बजाज ऑटो ने अपनी पॉपुलर बाइक पल्सर N125 को बंद करने का फैसला किया है। BikeAdvice की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी की ऑफिशियल वेबसाइट पर पल्सर N125 अभी भी लिस्टेड है, लेकिन डीलर्स को इसकी सप्लाई पूरी तरह से रोक दी गई है। हालांकि, कंपनी ने भारत में इसे बंद कर दिया है, पर इसका प्रोडक्शन जारी रहेगा। ऐसा इसलिए है क्योंकि बजाज इस दमदार बाइक को नेपाल, पेरू, कोलंबिया और मोरक्को समेत कई देशों में एक्सपोर्ट करती है।
पल्सर N125 को पूरी तरह से एक नए प्लेटफॉर्म पर बनाया गया था, जो पल्सर सीरीज की किसी दूसरी बाइक के साथ शेयर नहीं किया गया था। इसमें एक नया इंजन भी था और करीब 125 किलोग्राम वजन के साथ यह अब तक की सबसे हल्की पल्सर बाइक्स में से एक थी। तकनीकी रूप से बेहतर होने के बावजूद, इसका डिजाइन भारतीय खरीदारों को पसंद नहीं आया। पल्सर सीरीज की पारंपरिक मस्कुलर स्टाइलिंग के मुकाबले, N125 का डिजाइन काफी पतला और अलग था।
कंपनी ने इसे एक मॉडर्न लुक देने की कोशिश की, लेकिन ज्यादातर ग्राहकों को ऐसी बाइक पसंद आती हैं जिनका रोड प्रजेंस यानी सड़क पर मौजूदगी दमदार लगे। यही वजह है कि इसके मुकाबले की बाइक्स जैसे हीरो एक्सट्रीम 125R और होंडा CB125 हॉर्नेट ने बाजार में बेहतर प्रदर्शन किया। पल्सर N125 की बिक्री कम होने की एक और बड़ी वजह इसके फीचर्स थे। आजकल 125cc परफॉर्मेंस बाइक सेगमेंट में TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और ABS जैसे फीचर्स की काफी डिमांड है, लेकिन पल्सर N125 में ये फैंसी फीचर्स नहीं थे।
अब बजाज इस कमी को दूर करने की तैयारी में है। रिपोर्ट्स बताती हैं कि 2027 बजाज पल्सर N125 को अगले साल जनवरी से मार्च के बीच लॉन्च किया जा सकता है। टेस्टिंग के दौरान ली गई तस्वीरों से पता चलता है कि नई बाइक बड़ी, ज्यादा प्रीमियम और शार्प डिजाइन वाली होगी। नई पल्सर N125 में सबसे अहम बदलाव इसके फ्रंट में होंगे। इसमें पूरी तरह से नया फ्रंट फेसिया, बड़ा हेडलैंप काउल और री-डिजाइन्ड बॉडी पैनल्स शामिल होंगे, जो बाइक को ज्यादा स्पोर्टी लुक देंगे।
इसके अलावा, नई बाइक में स्प्लिट सीट सेटअप, नया रियर ग्रैब रेल, पूरी तरह से ढका हुआ चेन कवर, ज्यादा आरामदायक राइडिंग पोजिशन, टेलीस्कोपिक फ्रंट फोर्क्स और रियर मोनोशॉक सस्पेंशन जैसे अपडेट्स मिलेंगे। कंपनी फ्रंट और रियर में अलॉय व्हील्स भी देगी। ब्रेकिंग के लिए स्टैंडर्ड तौर पर फ्रंट में डिस्क ब्रेक और रियर में ड्रम ब्रेक दिए जाएंगे।
नई कार, बाइक, EV लॉन्च, कीमत, माइलेज और फीचर्स की जानकारी अब सरल भाषा में पाएं। ऑटो इंडस्ट्री ट्रेंड्स, टेस्ट ड्राइव रिव्यू और खरीद गाइड्स के लिए Auto News in Hindi सेक्शन पर जाएं। ऑटोमोबाइल दुनिया की हर बड़ी अपडेट — पहले और भरोसे के साथ।