बिहार में नूडल्स फैक्ट्री का बॉयलर फटा, 6 मजदूरों की मौत, कई घायल, CM नीतीश कुमार ने जताया दुख,मुआवजे की घोषणा

नूडल्स फैक्टरी का बॉयलर फटने से भीषण धमाका हुआ। धमाका इतना जोरदार था कि इसकी आवाज करीब 5 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। जानकारी के मुताबिक, हादसा इतना जोरदार था कि शवों की शिनाख्त नहीं हो पा रही है। 

Asianet News Hindi | Published : Dec 26, 2021 6:34 AM IST / Updated: Dec 26 2021, 04:33 PM IST

मुजफ्फरपुर : बिहार (Bihar) के मुजफ्फरपुर (Muzaffarpur) में रविवार सुबह नूडल्स फैक्ट्री का बॉयलर फटने से भीषण धमाका हो गया। हादसे में फैक्ट्री के अंदर काम कर रहे पांच मजदूरों की मौत हो गई। जबकि 10 मजदूर घायल हो गए हैं। धमाके के कारण बगल की चूड़ा और आटा फैक्ट्री भी क्षतिग्रस्त हो गई। उसके अंदर काम कर रहे 2 लोग भी घायल हो गए है। घटना सुबह करीब 10 बजे हुई। अब तक मृतकों और घायलों की पहचान नहीं हो सकी है। घटना के कारणों का भी पता नहीं चल सका है। घटना स्थल पर पुलिस बल मौजूद है।

5 किलोमीटर तक सुनाई दी धमाके की आवाज
यह हादसा शहर के बेला थाना के बेला फेज- 2 का है। यहां नूडल्स फैक्टरी का बॉयलर फटने से भीषण धमाका हुआ। धमाका इतना जोरदार था कि इसकी आवाज करीब 5 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। वहीं, नूडल्स फैक्ट्री पूरी तरह ध्वस्त हो गई। फिलहाल मौके पर 5 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंची हैं। बेला थाना और मिठनपुरा थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई है। जानकारी के मुताबिक, हादसा इतना जोरदार था कि शवों की शिनाख्त नहीं हो पा रही है। 

राहत बचाव कार्य जारी
हादसे के समय फैक्ट्री के अंदर कितने लोग काम रहे थे, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। राहत और बचाव का कार्य जारी है। इसी बीच ट्रैक्टरों से फैक्ट्री के गेट को बंद कर दिया गया है। आसपास के लोगों ने बताया कि बॉयलर फटने से जोरदार आवाज हुई। इससे खिड़की और दरवाजे तक हिल गए। यहां काम करने वाले कर्मचारियों के परिजन अपनों को ढूंढ रहे हैं। वहीं प्रशासन के अधिकारी लोगों को अंदर जाने से रोक रहे हैं।

धमाके से कांप गए लोग
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई है। आसपास के लोगों ने बताया कि धमाके की वजह से आसपास की धरती भी हिल गई। हम लोगों को पहले भूकंप आने का अहसास हुआ। कुछ लोग तो अपने-अपने घरों से बाहर निकल गए। हालांकि, बाद में पता चला कि बायलर फटने की वजह से धरती हिली है, जिसके बाद सभी सहम गए हैं।

ठंड न होती तो और भयानक हो सकता था हादसा
बताया जा रहा है कि नूडल्स की फैक्ट्री में ठंड के कारण मजदूरों की संख्या कम थी। रविवार सुबह 50 से 60 लोग ही काम कर रहे थे। अगर ठंड न होती तो करीब 300 मजदूर फैक्ट्री के अंदर काम करते। जिससे यह हादसा और भी भयानक हो सकता था। 

इसे भी पढ़ें-गुजरात की दवा कंपनी का बॉयलर फटा, एक बच्ची समेत 4 लोगों की मौत, एक किलोमीटर दूर तक बिखरे मकानों के कांच

इसे भी पढ़ें-Bihar : भागलपुर में मखदूमशाह दरगाह के पास टिफिन बम ब्लास्ट, एक बच्चे की मौत, एक हफ्ते में तीसरा विस्फोट

 

Share this article
click me!