बिहार में कोरोना का सबसे बड़ा हॉटस्पॉट, एक चेन खत्म, मगर दूसरे से रोज निकल रहे मरीज

आज सुबह मुंगेर में कोरोना से छह और मरीज मिले। इन छह मरीजों के मिलने के साथ ही मुंगेर में कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़कर 37 हो गई। अब बिहार का यह जिला कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित जिला बन चुका है।  
 

Asianet News Hindi | Published : Apr 24, 2020 6:25 AM IST

मुंगेर। 22 मार्च को बिहार में कोरोना का पहला मामला मुंगेर जिले से सामने आया था। तब कतर से लौटे एक युवक की मौत के बाद उसके कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई थी। उस युवक से बने संक्रमण की चेन से मुंगेर के छह अन्य व राज्य के दूसरे जिलों के 7 लोगों में कोरोना फैला था। लेकिन कतर से लौटे युवक से फैल रहे कोरोना संक्रमण की चेन काफी पहले समाप्त हो चुकी है। इस समय मुंगेर में कोरोना संक्रमण का दूसरा चेन चल रहा है। 

इस सेन से अभी तक 30 लोग संक्रमित हो चुके हैं। सभी मरीज मुंगेर के जमालपुर शहर के सदर बाजार इलाके से हैं।  

बीते 10 दिनों में मिले कोरोना के तीस नए मरीज
मुंगेर में कोरोना का जो चेन है, उसका पहला मामला 15 अप्रैल को सामने आया था। तब सदर बाजार निवासी एक 60 वर्षीय बुजुर्ग की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। उक्त बुर्जुग नालंदा में आयोजित मरकज में शामिल होने के बाद शेखपुरा होते हुए मुंगेर पहुंचा था। 

जिले में इस बुर्जुग के पहुंचने के करीब 15 दिन बाद उसमें कोरोना की पुष्टि हुई। तब तक वह बुजुर्ग अपने परिवार के साथ-साथ अन्य सैकड़ों लोगों के संपर्क में आ चुका था। उक्त बुर्जुग गलियों में घूम-घूम कर सब्जी बेचता था। लिहाजा उससे कई लोग क्लोज संपर्क में आए। 

16 अप्रैल को एक साथ 9 पॉजिटिव मिले
बुर्जुग के कोरोना पॉजिटिव मिलने के अगले ही दिन उसके परिवार के 8 लोगों के साथ-साथ पड़ोस का भी एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव निकला। फिर 19 अप्रैल को उक्त बुर्जुग के संपर्क में आए तीन अन्य कोरोना पॉजिटिव मिले। इसमें एक वार्ड प्रतिनिधि, एक दूध विक्रेता और एक अन्य सब्जी विक्रेता था। वार्ड प्रतिनिधि आलू का थोक व्यापारी होने के साथ-साथ सामाजिक व्यक्ति हैं। लॉकडाउन के समय स्थानीय प्रशासन से सहयोग चल रहे कम्युनिटी किचन में भी वो शामिल था। जाहिर है इस दौरान कई लोग उनके संपर्क में आए। 

जिले में अबतक 933 लोगों का लिया गया सैंपल
अब उस वार्ड प्रतिनिधि और दूध विक्रेता के संपर्क में आए लोगों में तेजी से कोरोना फैल रहा है। 21 को सात, 23 को तीन और आज छह लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। इसमें वार्ड प्रतिनिधि के पड़ोसी के साथ-साथ अन्य लोग शामिल हैं। मुंगेर के डीएम राजेश मीणा ने 23 अप्रैल को बताया कि अब तक जिले में 933 लोगों के सैंपल लिए गए। 23 तक इन 933 लोगों में 665 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव मिल चुकी थी। जबकि 237 लोगों का रिपोर्ट मिलना बाकी थी। इन्हीं 237 लोगों में आज छह अन्य पॉजिटिव मिले। 

Share this article
click me!