Bihar First Bihari First: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने 'बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट' विजन को लेकर अपने प्रयास तेज कर दिए हैं। उनका कहना है कि 34,000 करोड़ रुपये के सरकारी प्रोजेक्ट्स और यूपी-बिहार के आपसी सहयोग से स्थानीय स्तर पर रोजगार और विकास को बढ़ावा मिलेगा।

Chirag Paswan Development Plan: केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने बिहार के विकास को लेकर अपना विजन एक बार फिर दोहराया है। उन्होंने कहा कि उनका 'बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट' का सपना धीरे-धीरे जमीन पर उतर रहा है। इसके लिए उन्हें केंद्र सरकार और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का पूरा सहयोग मिल रहा है। चिराग ने बिहार के साथ उत्तर प्रदेश और झारखंड के विकास को भी अपनी प्राथमिकताओं में शामिल बताया।

उन्होंने कहा कि बिहार और उत्तर प्रदेश दोनों राजनीतिक और आर्थिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण राज्य हैं। इन दोनों राज्यों में लोकसभा की कुल 120 सीटें हैं। इनमें बिहार की 40 और उत्तर प्रदेश की 80 सीटें शामिल हैं। ऐसे में अगर दोनों राज्य मिलकर विकास की दिशा में काम करें तो बेहतर परिणाम सामने आ सकते हैं।

बिहार को मिले 34 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट्स, हाजीपुर में बनेगी इलेक्ट्रॉनिक सिटी

चिराग पासवान ने बिहार में विकास योजनाओं का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया बिहार दौरे को अहम बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने बिहार के लिए करीब 34 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी है। इनमें फूड प्रोसेसिंग क्लस्टर की स्थापना और उनके संसदीय क्षेत्र हाजीपुर में इलेक्ट्रॉनिक सिटी विकसित करने की योजना शामिल है।

उन्होंने बताया कि गया में भी इसी तरह की पहल की जा रही है। चिराग के मुताबिक, इन परियोजनाओं से बिहार में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर तैयार होंगे।

बिहार के युवाओं को अपने ही जिले में मिले रोजगार

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बिहार और उत्तर प्रदेश के युवाओं को शिक्षा, रोजगार और कारोबार के लिए दूसरे राज्यों में जाने की मजबूरी नहीं होनी चाहिए। उनकी कोशिश है कि युवाओं को अपने ही जिले और गांव के आसपास बेहतर अवसर मिलें।

चिराग ने प्रधानमंत्री के 'मन की बात' कार्यक्रम का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इसमें फूड प्रोसेसिंग और चॉकलेट जैसे उत्पादों के निर्यात की संभावनाओं पर चर्चा हुई। बिहार में कृषि और खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में काफी क्षमता है। इसका इस्तेमाल स्थानीय लोगों और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए किया जा सकता है।

पंजाब-उत्तराखंड से मणिपुर तक पार्टी के विस्तार की तैयारी

चिराग पासवान ने अपनी पार्टी के संगठन विस्तार को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पंजाब और उत्तराखंड में पार्टी संगठन को मजबूत किया जा रहा है। इसके अलावा मणिपुर समेत उन राज्यों में भी चुनाव लड़ने की तैयारी है, जहां आने वाले समय में विधानसभा चुनाव होने हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य इकाइयों को यह तय करने की स्वतंत्रता दी गई है कि वे कितनी सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती हैं और गठबंधन में उतरना चाहती हैं या अकेले। पार्टी दोनों ही परिस्थितियों में चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। चिराग ने कहा कि उनका लक्ष्य सिर्फ कुछ राज्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि पार्टी का राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार करना है।

राहुल गांधी और कांग्रेस पर चिराग का तीखा हमला

चिराग पासवान ने INDIA ब्लॉक के नेताओं की प्रस्तावित बैठकों को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने कभी अपने गठबंधन सहयोगियों के साथ ईमानदारी से बातचीत करने की कोशिश नहीं की।

राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए चिराग ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने गठबंधन के सहयोगियों के साथ संवाद के रास्ते खुले नहीं रखे। उन्होंने सवाल उठाया कि विपक्षी नेता आखिरी बार अपने वातानुकूलित कमरों से बाहर कब निकले और सहयोगी दलों से बातचीत करने की गंभीर कोशिश कब की?

स्टालिन से बातचीत नहीं करने पर भी उठाए सवाल

चिराग ने तमिलनाडु की राजनीति का जिक्र करते हुए सवाल किया कि जब वहां सरकार का गठन हो रहा था, तब कांग्रेस ने डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन से बातचीत क्यों नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने मुश्किल समय में साथ देने वाली पार्टी की पीठ में छुरा घोंपा।

इसके अलावा उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर महिला आरक्षण कानून को रोकने का आरोप भी लगाया। चिराग के इन बयानों से साफ है कि एक तरफ वह बिहार और आसपास के राज्यों में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ विपक्षी गठबंधन पर भी लगातार हमलावर हैं।