मूर्ति विसर्जन में बवाल, धारदार हथियार से युवक की हत्या, दो लोगों को मारी गोली, जानें पूरा मामला

छठ पूजा के बाद मूर्ति विसर्जन के दौरान डांस करने को लेकर विवाद गहराया तो एक युवक की हत्या कर दी गई।

Ujjwal Singh | Published : Nov 1, 2022 10:26 AM IST

आरा(Bihar). छठ पूजा के बाद मूर्ति विसर्जन के दौरान डांस करने को लेकर विवाद गहराया तो एक युवक की हत्या कर दी गई। विवाद के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों पक्षों के बीच सुलह का प्रयास  किया लेकिन बात बिगडती ही गई। जिसके बाद सोमवार की शाम दो लोगों को गोली मार दी गई, वहीं एक शख्‍स को धारदार हथियार से काटकर मार डाला गया। 

जानकारी के मुताबिक भोजपुर जिले के आरा टाउन थाना क्षेत्र के छोटकी सिंगही पेट्रोल पंप से सटे गली स्थित मोहल्ले में सोमवार की रात हथियारबंद बंद तत्वों ने दो चचेरे भाइयों  को गोली मार दी। साथ ही एक अन्‍य को धारदार हथियार से काट डाला, जिसकी मौत हो गई। इस दौरान ईट-पत्थर भी चलने की बात सामने आ रही है। मृतक 25 वर्षीय ढेमन सिंह छोटकी सिंगही मोहल्ला निवासी देवजी सिंह का बेटा था। मृतक के सिर में ईंट -पत्थर के अलावा धारदार हथियार के जख्म का निशान भी पाया गया है। वहीं विवाद में फायरिंग भी हुई जिसमें में छोटकी निवासी नागेन्द्र सिंह के 31 वर्षीय पुत्र अभिषेक सिंह और नरेंद्र सिंह के 20 वर्षीय पुत्र सागर सिंह सिंह को गोली लगी है। दोनों चचेरे भाई हैं।

मूर्ति विसर्जन के दौरान हुआ बवाल 
पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात आ रही कि छोटकी सिंगही मोहल्ला में छठ पूजा को लेकर भगवान भास्कर की मूर्ति स्थापित की गई थी। स्थानीय लोग मूर्ति विसर्जन के लिए बड़हरा के महुली गंगा घाट ले गए थे। इस दौरान सरैया के पास डीजे की धुन पर डांस के दौरान मारपीट हो गई थी। जिसके बाद विवाद ने तूल पकड़ लिया।

पुलिस कर रही मामले की जांच  
घटना के बाद पुलिस मामले की जाँच में जुटी हुई है।  एसपी संजय कुमार सिंह ने भी अस्पताल पहुंच घटना की जानकारी ली। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोली घायलों के पेट, सीने और चेहरे में लगी है। पुलिस हमलवारों की तलाश में लगी हुई है।

Share this article
click me!