दुबई से लौटे युवक की लापरवाही पड़ी भारी, 28 लोगों में फैला कोरोना; बिहार में 113 तक पहुंचा आंकड़ा

कोरोना का संक्रमण किस कदर एक इंसान से दूसरे इंसान में फैलता है, इसका एक उदाहण बिहार के नालंदा जिले से सामने आया है। दुबई से लौटे एक युवक के संपर्क में आने से अबतक 28 लोगों में कोरोना फैल चुका है। 

Asianet News Hindi | Published : Apr 21, 2020 6:00 AM IST

नालंदा। बीते 24 घंटों में बिहार में कोरोना के 17 नए मरीज मिले। 17 मरीजों के साथ ही बिहार में कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़कर 113 हो गई। सोमवार को कोरोना पॉजिटिव मिले सभी लोग नालंदा जिले से हैं, सभी लोग दुबई से लौटे एक युवक के संपर्क में आए थे। बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग के मुख्य सचिव संजय कुमार ने इसकी पुष्टि की है। एक दिन में 17 नए मरीज एक ही जिले से आने के बाद अब नालंदा बिहार में कोरोना का दूसरा हॉटस्पॉट बन गया है। नालंदा से कुल मरीजों की संख्या 28 हो गई है।  
 
सोमवार को मिले 17 नए मरीज

कोरोना की पुष्टि होने के बाद नालंदा के सभी मरीजों को इलाज के लिए कोरोना वार्ड में रखा गया है। सोमवार को पॉजिटिव मिले मरीजों में 7 महिला और 10 परुष हैं। महिला मरीजों की उम्र क्रमशः 17, 19, 21, 23, 26, 45, और 50 है। जबकि पुरुष मरीजों का उम्र 14, 16, 18, 18, 19, 22, 50, 60, 60, 60 वर्ष है। ये सभी मरीज दुबई से लौटे कोरोना पॉजिटिव युवक के संपर्क में आए थे। इसमें अधिकांश उस युवक के परिजन और ससुराल पक्ष के लोग है। दुबई से लौटे उक्त युवक की एक लापरवाही से अबतक वह 28 लोगों में कोरोना फैला चुका है।  

 

22 को दुबई से लौटा था युवक
बिहारशरीफ के खासगंज मोहल्ले का एक युवक 22 मार्च को दुबई से दिल्ली वाया पटना पहुंचा था। सरकारी निर्देशों का उल्लंघन करते हुए बिहार आने के बाद वह सामान्य जिंदगी जीता रहा। 22 मार्च को ही बिहार में कोरोना के पहले मामले की पुष्टि हुई थी। जिसके बाद लॉकडाउन की घोषणा की गई थी। लॉकडाउन के बाद भी बिहारशरीफ का यह युवक अपने घर से ससुराल आया। जहां 10 दिनों तक रहा। इसके बाद फिर घर पर भी उसने समय गुजारा। इस युवक की रिपोर्ट 11 अप्रैल को कोरोना पॉजिटिव मिली। तबतक वह न जाने कितने लोगों से मिला होगा। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसके संपर्क में आए सभी संभावितों को क्वारेंटाइन में रखकर उनका सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। जिसमें अबतक 28 लोगों में कोरोना की पुष्टि हो चुकी है।  

Share this article
click me!