दिल्ली में पत्नी की तरह रखा, बिहार आकर शादी से मुकरा, अब लड़की ने यूं शुरू की हक की लड़ाई

बड़े शहरों में कई जोड़े लिव इन रिलेशन में रहते है। लेकिन बाद में इस रिश्ते को शादी के बंधन में नहीं बांध पाते। जिसके बाद हाई वोल्टेज पारिवारिक ड्रामा शुरू होता है। ऐसा ही एक मामला बिहार के भागलपुर जिले में शुक्रवार को सामने आया। 

Asianet News Hindi | Published : Jan 25, 2020 7:34 AM IST

भागलपुर। दिल्ली में पति-पत्नी जैसे हमदोनों रहा करते थे। हमारी शादी भी हुई। परिवार के साथ विधिवत शादी की बात भी चल रही थी। जिसका डेट भी तय हो गया था। लेकिन अब वो शादी से इंकार कर रहा है। अगर मेरी शादी यहां नहीं हुई तो मेरी जिंदगी बर्बाद हो जाएगी। उक्त बातें कहते हुए अनिता गुप्ता नामक युवती भागलपुर में एक युवक के दरवाजे पर धरने पर बैठ गई। मामला भागलपुर के क्लबगंज मोहल्ले का है। दोनों पक्ष समझौते को मोजाहिदपुर थाने पहुंचे, जहां हाई वोल्टेज ड्रामा चला। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा कर आपस में उलझ पड़े। प्रेमिका के धरने पर बैठने के बाद प्रेमी घर छोड़कर भाग गया और परिजनों को धमकी देकर गया है कि अगर उस लड़की से शादी हुई, तो वह जहर खाकर जान दे देगा। 

दिल्ली के कालकाजी मंदिर में हुई शादी
प्रेमिका का कहना है कि दिल्ली में पहले ही उन दोनों की शादी हो चुकी है। दोनों परिवारवालों की मौजूदगी में 15 जनवरी को विधिवत शादी होनी थी, लेकिन लड़का और उसके परिजन अब मुकर गए। फरीदाबाद की रहने वाली अनिता गुप्ता का कहना है कि 17 जुलाई 2018 को उसने क्लबगंज निवासी जनार्दन गुप्ता के बेटे रजनीकांत से दिल्ली के कालकाजी मंदिर में शादी की है। शादी के बाद लड़के ने कहा कि उसके परिजन इस शादी को कबूल नहीं करेंगे। अपने परिजनों को मनाने की बात कह कर लड़का दिल्ली से भागलपुर आ गया। इसके बाद वह लौटकर नहीं गया।

लड़की के पीछे उसके परिजन भी पहुंचे
बाद में फोन भी रिसीव करना बंद कर दिया। लड़की घर में चिट्ठी लिखकर भागलपुर आ गई। चिट्टी में उसने लिखा कि वह रजनीकांत के घर भागलपुर जा रही है। भागलपुर पहुंची लड़की सीधे लड़के के घर पहुंच गई, लेकिन उसे वहां घुसने नहीं दिया गया। इस कारण घर के बाहर धरने पर बैठ गई। लड़की को खोजते हुए उसकी भाई, भाभी, बहन व अन्य परिजन भी भागलपुर पहुंच गए। लड़की मूल रूप से झाझा की रहने वाली है और लड़के के परिवार से उसकी रिश्तेदारी भी है। 

लड़के के पिता ने कबूली रिश्ते की बात
लड़के के पिता जनार्दन गुप्ता ने मोजाहिदपुर थाने में पुलिस की मौजदूगी में स्वीकार किया कि अनिता से उनके बेटे का संबंध है। 15 जनवरी को दोनों की शादी की बात तय हुई थी। लेकिन बेटा अब शादी को तैयार नहीं है। कहता है कि जबरन शादी कराने पर वह आत्महत्या कर लेगा। इस कारण वह घर छोड़ कर भाग गया है। दूसरी ओर अनिता ने कहा कि रजनीकांत ने दिल्ली में उसे पत्नी की तरह रखा था। इसका कई फोटोग्राफ, मैसेज सबूत है। जिसे लेकर लड़के के दरवाजे पर धरने पर बैठी हूं। जिस मंदिर में शादी की, उसकी रसीद नहीं है। रजनीकांत से शादी नहीं हुई, तो मेरी जिंदगी बर्बाद हो जाएगी।

Share this article
click me!