
मुंबई. अजय देवगन की फिल्म दृश्यम के डायरेक्टर निशिकांत कामत की तबीयत अचानक बिगड़ गई है, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया। निशिकांत की हालत गंभीर बताई जा रही है। रिपोर्ट्स की मानें तो वह कुछ समय से लीवर सिरोसिस से पीड़ित हैं। बता दें कि उन्होंने फोर्स, रॉकी हैंडसम और मुंबई मेरी जान जैसी फिल्मों का निर्देशन किया है। वे डायरेक्शन में ही नहीं बल्कि एक्टिंग में भी अपने हुनर दिखा चुके हैं। उन्होंने कई मराठी और बॉलीवुड फिल्मों में अभिनय किया है।
मराठी फिल्म से की डायरेक्शन की शुरुआत
निशिकांत ने बतौर निर्देशक अपनी शुरुआत मराठी फिल्मों से की थी। उनके निर्देशन की पहली फिल्म डोंबिवली फास्ट थी। 2005 में रिलीज हुई यह फिल्म हिट साबित हुई थी। उन्होंने जॉन अब्राहम की फिल्म रॉकी हैंडसम में विलेन का किरदार निभाया था। इसमें उनके काम को बहुत पसंद किया गया था। इसके अलावा उन्होंने फिल्म भावेश जोशी में अनिल कपूर के बेटे हर्षवर्धन कपूर के साथ भी काम किया है।
10 दिनों से हालत गंभीर
मराठी फिल्मों के निर्माता और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना की चित्रपट शाखा के अध्यक्ष अमेय कोपकर ने इस बात की पुष्टि की कि अस्पताल में भर्ती निशिकांत की हालत पिछले 10 दिनों से बेहद गंभीर बनी हुई है। वे पिछले कई सालों से लीवर सिरोसिस नामक बीमारी से पीड़ित हैं और इसके रिलैप्स होने के चलते उनकी हालत ज्यादा खराब हो गई है।
हाल ही में दृश्यम ने पूरे किए 5 साल
हाल में उनकी सबसे सफल फिल्मों में शुमार दृश्यम की रिलीज को पांच साल पूरे हुए है। इस फिल्म में अजय देवगन, रजत कपूर, श्रेया सरन और तब्बू लीड रोल में थे। रिपोर्ट्स की मानें तो इन दिनों निशिकांत अपनी नई फिल्म दर-बदर पर काम कर रहे थे, जो 2022 में रिलीज होगी।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।