
मुंबई। कंगना रनोट (Kangana Ranaut) की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। जावेद अख्तर द्वारा मानहानि का केस किए जाने के बाद अब कंगना एक बार फिर विवादों में फंसती दिख रही हैं। किताब 'दिद्दा: द वॉरियर क्वीन ऑफ कश्मीर' के लेखक आशीष कौल की कॉपीराइट उल्लंघन की शिकायत पर एक कोर्ट के आदेश के बाद मुंबई पुलिस ने शुक्रवार को कंगना के खिलाफ जालसाजी का मामला दर्ज किया। कंगना के साथ ही उनकी बहन रंगोली चंदेल, भाई अक्षत रनोट और कमल कुमार जैन के खिलाफ मुंबई के खार थाने में शिकायत दर्ज की गई है।
पुलिस ने बताया कि मजिस्ट्रेट के आदेश पर भारतीय दंड संहिता की धारा 405 (आपराधिक विश्वासघात), 415 (जालसाजी), 120 बी (आपराधिक साजिश) और कॉपीराइट कानून के तहत FIR दर्ज की गई है। दरअसल, कंगना ने जनवरी में फिल्म 'मणिकर्णिका रिटर्न्स- द लीजेंड ऑफ दिद्दा' बनाने की घोषणा की थी। इसी मामले में आशीष कौल ने मुंबई मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट के सामने अपनी शिकायत दर्ज कराई थी। आशीष का कहना है कि उनके पास कश्मीर की रानी और लोहर (पुंछ) की रानी दिद्दा की कहानी का कॉपीराइट है। ऐसे में कंगना रनोट ने किताब और उसकी कहानी पर जबरन अपना हक जताया है।
इससे पहले जावेद अख्तर द्वारा किए गए मानहानि के मामले में भी मुंबई पुलिस लगातार एक्ट्रेस को समन कर रही है। इसी मामले में कोर्ट की ओर से कंगना के खिलाफ वारंट भी जारी हो चुका है। वहीं, कंगना अपने कथित भड़काऊ ट्वीट के लिए मुंबई में पहले से ही कई मुकदमों का सामना कर रही हैं।
बता दें कि कंगना ने हाल ही में महात्मा गांधी को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा था कि बापू के बच्चों ने उन पर बुरे गार्जियन होने का आरोप लगाया था। इस बात का जिक्र कई जगह है कि उन्होंने अपनी पत्नी को घर से इसलिए बाहर कर दिया था, क्योंकि उन्होंने शौचालय साफ करने से मना कर दिया था। वे एक महान लीडर थे, लेकिन एक महान पति नहीं थे। लेकिन जब पुरुष की बात होती है तो दुनिया माफ कर देती है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।