
Bank Holidays List in November 2026: नवंबर का महीना आज से शुरू हो गया है। इस महीने दिवाली, छठ, गोवर्धन पूजा, भाई दूज और गुरुनानक जयंती जैसे बड़े त्योहार पड़ रहे हैं। जिसकी वजह से छुट्टियों की लंबी लाइन भी लग गई है। अगर आने वाले दिनों में आपको बैंक जाकर कैश निकालना है, पासबुक अपडेट करानी है या कोई और जरूरी काम निपटाना है, तो घर से निकलने से पहले एक बार छुट्टियों की लिस्ट जरूर चेक कर लें। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के हॉलिडे कैलेंडर के मुताबिक, नवंबर 2026 में इन बड़े त्योहारों और वीकेंड के चलते देश के अलग-अलग राज्यों में कुल मिलाकर 16 दिन बैंकों में काम नहीं होगा। तो चलिए जानते हैं इस महीने कब-कब और कहां-कहां बैंक बंद रहने वाले हैं...
महीने की शुरुआत में ही त्यौहारों का बड़ा ब्रेक मिलने वाला है। 9 नवंबर को दिवाली और गोवर्धन पूजा के मौके पर उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, राजस्थान, चंडीगढ़, त्रिपुरा, सिक्किम और मणिपुर में बैंक पूरी तरह से बंद रहेंगे।
10 नवंबर को गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, कर्नाटक और सिक्किम में गोवर्धन पूजा (बाली प्रतिपदा) और विक्रम संवत नए साल की छुट्टी रहेगी।
11 नवंबर को भाई दूज और चित्रगुप्त जयंती के कारण उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, सिक्किम और मणिपुर के बैंकों में कोई कामकाज नहीं होगा।
मेघालय के लोगों के लिए 13 नवंबर को स्थानीय वांगला फेस्टिवल के कारण बैंकों में छुट्टी रहेगी।
यूपी और बिहार के लोगों के लिए छठ सबसे बड़ा और आस्था का त्योहार है। इसे देखते हुए 16 नवंबर को बिहार और झारखंड में सूर्य षष्ठी (छठ पूजा) के मौके पर बैंकों में छुट्टी रहेगी।
उत्तराखंड में 20 नवंबर को स्थानीय त्योहार इगास-बग्वाल के मौके पर बैंक बंद रहेंगे।
मेघालय में 23 नवंबर को सेंग कुट स्नेम के अवसर पर बैंकों में छुट्टी रहेगी।
नवंबर के आखिर में एक और बड़ी छुट्टी 24 नवंबर को आ रही है। इस दिन गुरु नानक जयंती और कार्तिक पूर्णिमा है। इस मौके पर उत्तर प्रदेश, नई दिल्ली, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, चंडीगढ़, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल सहित कई बड़े राज्यों में बैंकों का कामकाज पूरी तरह ठप रहेगा।
महीने के अंत में 27 नवंबर को कर्नाटक में कनकदास जयंती के लिए बैंक कर्मियों को छुट्टी मिलेगी।
त्योहारों के अलावा, बैंकों की नियमित छुट्टियां भी रहेंगी। नवंबर महीने में 1, 8, 15, 22 और 29 तारीख को रविवार पड़ रहा है, इसलिए पूरे देश में बैंक बंद रहेंगे। इसके साथ ही बैंक के नियमों के मुताबिक महीने के दूसरे शनिवार यानी 14 नवंबर और चौथे शनिवार 28 नवंबर को भी सभी सरकारी और प्राइवेट ब्रांच बंद रहेंगी।
बैंक बंद होने का मतलब ये बिल्कुल नहीं है कि आपका लेन-देन रुक जाएगा। छुट्टियों के दिन भी डिजिटल बैंकिंग पूरी तरह से एक्टिव रहेगी। आप यूपीआई (UPI), मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग का इस्तेमाल करके आसानी से फंड ट्रांसफर कर सकते हैं। इसके अलावा कैश निकालने के लिए एटीएम (ATM) सर्विस भी बिना किसी रुकावट के चलती रहेगी।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई बैंक छुट्टियों की सभी जानकारी भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के हॉलिडे कैलेंडर पर आधारित है। चूंकि बैंक की छुट्टियां राज्य और स्थानीय त्योहारों के अनुसार अलग-अलग होती हैं, इसलिए पाठकों को सलाह दी जाती है कि बैंक से जुड़े किसी भी जरूरी काम के लिए ब्रांच जाने से पहले अपनी संबंधित बैंक शाखा, बैंक के आधिकारिक ऐप या कस्टमर केयर से छुट्टियों की पुष्टि जरूर कर लें।
अर्थव्यवस्था, बजट, स्टार्टअप्स, उद्योग जगत और शेयर मार्केट अपडेट्स के लिए Business News in Hindi पढ़ें। निवेश सलाह, बैंकिंग अपडेट्स और गोल्ड-सिल्वर रेट्स समेत पर्सनल फाइनेंस की जानकारी Money News in Hindi सेक्शन में पाएं। वित्तीय दुनिया की स्पष्ट और उपयोगी जानकारी — Asianet News Hindi पर।