EPFO New Rules 2026: ईपीएफओ ने रिटायरमेंट के बाद पीएफ के पैसे को एक साथ निकालने के बजाय किस्तों में देने के लिए सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान (SWP) को मंजूरी दे दी है। इससे रिटायर होने वाले लोगों को हर महीने एक तय इनकम मिलेगी और उनका फंड भी सुरक्षित रहेगा।
EPFO Systematic Withdrawal Plan: रिटायरमेंट के बाद पीएफ (PF) के पैसे से नियमित आमदनी पाने की चाह रखने वाले कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के सदस्यों को जल्द ही अपने रिटायरमेंट फंड से पैसे निकालने का एक नया विकल्प मिल सकता है। सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) ने सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान (SWP) शुरू करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
इस सुविधा के लागू होने के बाद रिटायर होने वाले कर्मचारी अपना पूरा PF फंड एक बार में निकालने के बजाय तय अंतराल पर किस्तों में पैसा ले सकेंगे। इससे उन्हें रिटायरमेंट के बाद नियमित आमदनी का सहारा मिलेगा और बची हुई रकम उनके फंड में बनी रहेगी।
क्या है EPFO का सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान (SWP)?
सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान यानी SWP एक ऐसी सुविधा है, जिसके तहत कर्मचारी अपने PF खाते में जमा रकम को एक साथ निकालने के बजाय धीरे-धीरे किस्तों में निकाल सकेंगे। इसका मकसद रिटायरमेंट के बाद कर्मचारियों को एक निश्चित और स्थिर आमदनी उपलब्ध कराना है।
EPFO सूत्रों के मुताबिक, इस योजना से कर्मचारियों को अपने रिटायरमेंट फंड का बेहतर इस्तेमाल करने का मौका मिलेगा। उन्हें एकमुश्त रकम खर्च करने के बजाय नियमित अंतराल पर पैसा मिलता रहेगा। हालांकि, इस सुविधा के तहत निकासी की अवधि, किस्त की रकम और अन्य नियमों की विस्तृत जानकारी लागू होने की प्रक्रिया में स्पष्ट होगी।
कर्मचारी की मृत्यु होने पर किसे मिलेगा बचा हुआ PF का पैसा?
SWP की एक अहम बात यह भी है कि अगर किसी सदस्य की किस्तों में भुगतान की अवधि के दौरान मृत्यु हो जाती है, तो उसके परिवार को बची हुई रकम के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।
EPFO सूत्रों ने ANI को बताया कि ऐसी स्थिति में नॉमिनी या आश्रित सदस्य बाकी रकम एक साथ निकाल सकेंगे या फिर किस्तों में भुगतान जारी रखने का विकल्प चुन सकेंगे। इससे रिटायरमेंट के बाद कर्मचारी के साथ-साथ उसके परिवार को भी आर्थिक सुरक्षा मिल सकती है।
EPFO की वेज लिमिट भी 15,000 से बढ़कर 25,000 रुपये
इस बीच EPFO के दायरे को बढ़ाने के लिए वेज लिमिट में भी बड़ा बदलाव किया गया है। केंद्रीय कैबिनेट ने अनिवार्य EPFO कवरेज के लिए वेतन सीमा 15,000 रुपये से बढ़ाकर 25,000 रुपये प्रति माह करने को मंजूरी दी थी।
केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मंडाविया के मुताबिक, इस फैसले से करीब 50 लाख से एक करोड़ नए कर्मचारियों को फायदा मिलने का अनुमान है। नई सीमा के दायरे में 15,000 से 25,000 रुपये तक मासिक वेतन पाने वाले कई कर्मचारी भी आ सकेंगे।
कर्मचारियों को मिलेंगे PF, पेंशन और इंश्योरेंस के फायदे
वेज लिमिट बढ़ने से EPFO के दायरे में आने वाले कर्मचारियों को कई सामाजिक सुरक्षा लाभ मिल सकते हैं। इनमें शामिल हैं:
- PF सेविंग्स: कर्मचारी और नियोक्ता की ओर से भविष्य निधि में योगदान।
- EPS पेंशन: कर्मचारी पेंशन योजना के तहत पात्रता के अनुसार पेंशन का लाभ।
- EDLI इंश्योरेंस: कर्मचारी की मृत्यु होने पर पात्र नॉमिनी को बीमा लाभ।
इस तरह SWP और वेज लिमिट में बढ़ोतरी से जुड़े फैसले रिटायरमेंट प्लानिंग और कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा के लिहाज से अहम माने जा रहे हैं।












