
नई दिल्ली: उद्योगपति अनिल अंबानी के खिलाफ एक नया केस दर्ज हुआ है। यह मामला केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) की शिकायत पर दर्ज किया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अनिल अंबानी ने 4500 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की और कंपनी की गलत वित्तीय जानकारी देकर LIC से निवेश करवाया।
CBI ने इस मामले में आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, फंड का गलत इस्तेमाल और भ्रष्टाचार निरोधक कानून की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। आरोप है कि अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशंस (RCom) की माली हालत के बारे में गलत जानकारी दी गई। इसी झूठी जानकारी के आधार पर LIC को 4500 करोड़ रुपये के नॉन-कन्वर्टिबल डिबेंचर (NCDs) में निवेश करने के लिए उकसाया गया। LIC ने यह शिकायत BDO इंडिया की एक फॉरेंसिक ऑडिट रिपोर्ट के आधार पर दर्ज कराई है, जो 15 अक्टूबर 2020 को आई थी।
इस रिपोर्ट में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए थे। इसमें पता चला कि बैंकों और वित्तीय संस्थानों से जुटाए गए फंड का दुरुपयोग किया गया। पैसों को ग्रुप की ही दूसरी कंपनियों में ट्रांसफर किया गया। इसके अलावा, फर्जी बिलों के जरिए फंड जुटाने और नकली लेनदेन दिखाकर पैसे निकालने जैसी गड़बड़ियां भी सामने आईं।
यह पहली बार नहीं है जब अनिल अंबानी और उनकी कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशंस पर ऐसे आरोप लगे हैं। इससे पहले भी CBI धोखाधड़ी के मामलों में उनके खिलाफ तीन केस दर्ज कर चुकी है।
अर्थव्यवस्था, बजट, स्टार्टअप्स, उद्योग जगत और शेयर मार्केट अपडेट्स के लिए Business News in Hindi पढ़ें। निवेश सलाह, बैंकिंग अपडेट्स और गोल्ड-सिल्वर रेट्स समेत पर्सनल फाइनेंस की जानकारी Money News in Hindi सेक्शन में पाएं। वित्तीय दुनिया की स्पष्ट और उपयोगी जानकारी — Asianet News Hindi पर।