
कुछ दिन पहले एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें एक लड़के ने सड़क किनारे पड़े एक मामूली पत्थर को तराशकर उसे दिल्ली जैसे बड़े शहर में 4000 रुपये में बेच दिया था। लड़के का वो वीडियो खूब चला था। अब वो बात पुरानी भी नहीं हुई कि दिल्ली से ही एक और लड़के का ऐसा ही अनोखा बिजनेस आइडिया सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
ये तो सभी जानते हैं कि दिल्ली में हवा की क्वालिटी कितनी खराब हो चुकी है। इसी को एक लड़के ने कमाई का ज़रिया बना लिया। उसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है। आखिर उसने किया क्या? चलिए बताते हैं। एक लड़का हिमाचल के पहाड़ों से बोतलों में हवा भरकर लाया और उसे दिल्ली की सड़कों पर 50 रुपये प्रति बोतल के हिसाब से बेचने लगा। दिल्ली में प्रदूषण का हाल इतना बुरा है कि कुछ लोग तो सोशल मीडिया पर लिख रहे हैं कि वे शहर छोड़कर कहीं और बसने की सोच रहे हैं।
ऐसे में इस लड़के का हवा बेचने वाला वीडियो वायरल हो गया है। वीडियो में दिखता है कि एक नौजवान प्लास्टिक की बोतलों में हिमाचल की हवा भरकर बेच रहा है। हुआ यूं कि हिमाचल प्रदेश घूमने गए इस लड़के को एक अनोखा आइडिया आया। उसने पहाड़ों की ताज़ी हवा को एक प्रेशर स्प्रेयर का इस्तेमाल करके कई बोतलों में भर लिया। दिल्ली वापस आकर उसने लोगों को बताया कि यह हवा हिमाचल की है और शहर की हवा से बिल्कुल अलग है। उत्सुकता में कई लोगों ने इसे आज़माया और ताज़गी महसूस करने के लिए आगे आए। कुछ लोगों ने तो इसके लिए पैसे भी दिए।
जो चीज़ एक साधारण आइडिया के तौर पर शुरू हुई थी, वह जल्द ही पैसे कमाने का एक दिलचस्प तरीका बन गई, जिससे आसपास के सभी लोग हैरान रह गए। वीडियो में हवा का अनुभव लेने वाले लोग यह कहते हुए दिख रहे हैं कि, "आहा, यह अलग है, अच्छा है।"
यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल है और नेटिज़न्स इस पर तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं। एक यूज़र ने लिखा, "यह वीडियो अडानी और अंबानी ने देख लिया तो पक्का एक नया बिजनेस शुरू कर देंगे।" एक और ने कमेंट किया, "देखते जाओ, अंबानी जल्द ही हवा खरीदने के लिए मंथली और सालाना पेमेंट प्लान ले आएंगे। इसलिए ताज़ी हवा खरीदने के लिए तैयार रहो। भगवान आपका भला करे।" वहीं एक यूज़र ने इसे "सस्ता नशा" बताया।
कुल मिलाकर, अगर वायु प्रदूषण ऐसे ही बढ़ता रहा तो वह दिन दूर नहीं जब हमें साफ हवा के लिए भी पैसे देने पड़ेंगे। इस बारे में आपकी क्या राय है, कमेंट करके बताएं।
देखें बंदे के जुगाड़ का वीडियो…
अर्थव्यवस्था, बजट, स्टार्टअप्स, उद्योग जगत और शेयर मार्केट अपडेट्स के लिए Business News in Hindi पढ़ें। निवेश सलाह, बैंकिंग अपडेट्स और गोल्ड-सिल्वर रेट्स समेत पर्सनल फाइनेंस की जानकारी Money News in Hindi सेक्शन में पाएं। वित्तीय दुनिया की स्पष्ट और उपयोगी जानकारी — Asianet News Hindi पर।