Defence PSU Stock: सरकारी डिफेंस कंपनी HAL के शेयर में गिरावट के बीच विदेशी ब्रोकरेज ने बड़ा टारगेट दिया है। जानें शेयर का भाव कहां तक जा सकता है।
Hindustan Aeronautics Share Price Target: शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच सरकारी डिफेंस कंपनी हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) के शेयरों पर इन दिनों थोड़ा दबाव देखने को मिल रहा है। लेकिन विदेशी ब्रोकरेज हाउस सिटी (Citi) को भी इस महारत्न कंपनी में बड़ी तेजी की उम्मीद नजर आ रही है। अगर आपके पोर्टफोलियो में HAL के शेयर हैं या आप इसमें पैसा लगाने की सोच रहे हैं, तो ये खबर आपके काम की हो सकती है। आइए जानते हैं इस शेयर पर विदेशी ब्रोकरेज क्यों मेहरबान हैं और इस शेयर में आगे क्या होने वाला है...
Hindustan Aeronautics Ltd: तिमाही नतीजे कैसे रहे?
मुनाफे में 16% की जोरदार बढ़त
गुरुवार को बाजार के समय के दौरान HAL ने जुलाई-सितंबर तिमाही (Q2 FY27) के नतीजे जारी किए। आंकड़े बताते हैं कि कंपनी का कारोबार मजबूती से आगे बढ़ रहा है। जुलाई-सितंबर तिमाही (Q2 FY27) में कंपनी का शुद्ध मुनाफा (PAT) 16% बढ़कर ₹1,935.64 करोड़ पर पहुंच गया है। पिछले साल की इसी तिमाही में यह आंकड़ा ₹1,669.05 करोड़ था।
कमाई 15% उछली, खर्चों में 16% इजाफा
इस तिमाही में कंपनी के कामकाज से होने वाली कुल कमाई (Revenue) करीब 15% की बढ़त के साथ ₹7,613.25 करोड़ रही है, जो पिछले साल की समान तिमाही में ₹6,628.61 करोड़ थी। कमाई बढ़ने के साथ-साथ कंपनी के कुल खर्च (Expenses) भी सालाना आधार पर करीब 16% बढ़कर ₹6,132 करोड़ के स्तर पर पहुंच गए हैं।
HAL शेयर पर कितना प्रॉफिट हो सकता है?
पिछले कारोबारी सत्र में HAL का शेयर 0.7% फिसलकर ₹4,809.80 के स्तर पर बंद हुआ। बीते कुछ दिनों से इसमें हल्की मुनाफावसूली जरूर दिख रही है, लेकिन ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म Citi ने इस पर अपना भरोसा कायम रखा है। BUY (खरीदने की सलाह) की रेटिंग देते हुए नया टारगेट प्राइस ₹6,175 प्रति शेयर दिया है। यानी मौजूदा भाव से करीब 28% का उछाल आ सकता है। अगर शेयर में इस तरह की तेजी आती है, तो हर शेयर पर करीब ₹1,365 का मुनाफा मिल सकता है। सबसे बड़ी बात कि पिछले 5 सालों में इस मल्टीबैगर सरकारी स्टॉक ने निवेशकों को करीब 600% का छप्परफाड़ रिटर्न दिया है।
HAL Share Return: पिछले कुछ समय में कैसा रहा शेयर का प्रदर्शन?
- 1 हफ्ते में 3.5% की गिरावट
- 1 महीने में 1% की गिरावट
- 3 महीने में 3% की गिरावट
- 6 महीने में 4% की तेजी
- 5 साल में 600% का मल्टीबैगर रिटर्न
HAL Share: ब्रोकरेज को क्यों पसंद आ रहा है शेयर?
ब्रोकरेज फर्म सिटी की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी की कमाई उम्मीदों के मुताबिक रही है, हालांकि मार्जिन में हल्की नरमी के कारण कामकाजी मुनाफा (EBITDA) अनुमान से थोड़ा कम रहा। इसके बावजूद Citi ने 4 बड़े कारणों से इसे 'Buy' रेटिंग दी है।
तेजस Mk1A की डिलीवरी में तेजी की उम्मीद
भारतीय वायुसेना के लिए बन रहे स्वदेशी फाइटर जेट Tejas Mk1A की डिलीवरी में जो देरी हो रही थी, अब सरकार के सपोर्ट और बेहतर सप्लाई चेन से उसमें रफ्तार आने वाली है।
इंजन और हेलीकॉप्टर सेगमेंट का सपोर्ट
जब तक फाइटर जेट्स की डिलीवरी पूरी रफ्तार नहीं पकड़ती, तब तक कंपनी के इंजन, हेलीकॉप्टर और रिपेयरिंग के काम ने कमाई को संभाले रखा है।
तैयारी का बड़ा संकेत
कंपनी की इन्वेंट्री में सालाना आधार पर 39% का उछाल आया है। इसका सीधा मतलब है कि कंपनी ने बड़े ऑर्डर्स पूरे करने के लिए कच्चा माल और पार्ट्स जमा कर लिए हैं और अब डिलीवरी का सिलसिला तेज होगा।
मैनेजमेंट का दमदार भरोसा
HAL मैनेजमेंट को उम्मीद है कि पूरे वित्त वर्ष (FY27) में उनकी कमाई 10% से 12% तक बढ़ेगी और मार्जिन भी 30-31% के मजबूत स्तर पर बना रहेगा।
डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में दी गई जानकारी सिर्फ सामान्य सूचना और शैक्षणिक उद्देश्य के लिए है। इसे किसी भी शेयर को खरीदने या बेचने की सलाह न माना जाए। शेयर बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले अपने प्रमाणित वित्तीय सलाहकार (Financial Advisor) से सलाह जरूर लें।














