
CNG Price Hike in Delhi Today: दिल्ली-एनसीआर में गाड़ी चलाने वालों और रोजाना सफर करने वाले आम लोगों को शनिवार सुबह महंगाई का बड़ा झटका लगा है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने राजधानी दिल्ली में कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) की रिटेल कीमतों में ₹3.89 प्रति किलोग्राम की भारी बढ़ोतरी कर दी है। सीएनजी की ये नई कीमतें शनिवार सुबह 6 बजे से पूरे दिल्ली सर्कल में लागू हो गई हैं। जानिए दिल्ली में अब 1 किलो सीएनजी का नया रेट और दाम बढ़ने की असली वजह...
कीमतों में इस बड़े बदलाव के बाद दिल्ली में सीएनजी के दाम ₹83 से बढ़कर ₹87 के करीब पहुंच गए हैं, जो पहले ₹83.09 प्रति किलोग्राम था। प्रति किलोग्राम सीएनजी ₹3.89 महंगी हुई है। अब 1 किलो सीएनजी का नया रेट ₹86.98 हो गया है।
आईजीएल (IGL) के अनुसार, ग्लोबल लेवल पर लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG) की कीमतों में आई भारी तेजी के चलते घरेलू स्तर पर रेट बढ़ाना मजबूरी बन गया था। कंपनी ने रेट बढ़ाने के पीछे कई वजहें बताई हैं।
मिडिल ईस्ट संकट
पश्चिम एशिया में तनाव दोबारा बढ़ने की वजह से होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) के रास्ते होने वाले एलएनजी कार्गो मूवमेंट पर बुरा असर पड़ा है। इसके चलते जुलाई से अब तक वैश्विक स्तर पर एलएनजी की कीमतें लगभग दोगुनी हो चुकी हैं।
ग्लोबल मार्केट में 100% से ज्यादा उछाल
यूरोपीय TTF गैस की कीमतें फरवरी के अंत में 11.36 डॉलर प्रति MMBTU थीं, जो 27 अगस्त तक 105% बढ़कर 23.35 डॉलर प्रति MMBTU पहुंच गईं। एशियन JKM LNG कीमतें 10.99 डॉलर प्रति MMBTU से 113% बढ़कर 23.41 डॉलर प्रति MMBTU हो गईं।
घरेलू मांग में इजाफा
भारत के आर्थिक विकास और गाड़ियों की बढ़ती संख्या के कारण सीएनजी की खपत में रिकॉर्ड इजाफा हुआ है। इस जरूरत को पूरा करने के लिए आईजीएल को स्पॉट मार्केट से महंगी एलएनजी आयात करनी पड़ रही है।
यूरोप में विंटर स्टोरेज की तैयारी
सर्दियों के मौसम से पहले यूरोप में नेचुरल गैस स्टोरेज की मांग में तेजी आने से भी सप्लाई पर दबाव बढ़ा है।
दिल्ली में सीएनजी के दाम सीधे तौर पर पब्लिक ट्रांसपोर्ट, ऑटो, टैक्सी और डिलीवरी गाड़ियों की लागत को प्रभावित करते हैं। सीएनजी ₹86.98 प्रति किलो होने के बाद अब ट्रांसपोर्ट यूनियनों की तरफ से किराया बढ़ाने की मांग उठ सकती है, जिसका सीधा असर आम यात्रियों की जेब पर पड़ेगा। हालांकि, कंपनी का कहना है कि पेट्रोल और डीजल की तुलना में सीएनजी अब भी ग्राहकों के लिए सबसे किफायती, स्वच्छ और भरोसेमंद ऑप्शन बनी हुई है।
आईजीएल के पास 30,000 किलोमीटर से ज्यादा का मजबूत पाइपलाइन नेटवर्क है। कंपनी के 1,000 से ज्यादा CNG स्टेशन चालू हैं। दिल्ली-एनसीआर में 21 लाख से अधिक गाड़ियों को सीएनजी और करीब 35 लाख घरों को पीएनजी (PNG) सप्लाई की जाती है।
अर्थव्यवस्था, बजट, स्टार्टअप्स, उद्योग जगत और शेयर मार्केट अपडेट्स के लिए Business News in Hindi पढ़ें। निवेश सलाह, बैंकिंग अपडेट्स और गोल्ड-सिल्वर रेट्स समेत पर्सनल फाइनेंस की जानकारी Money News in Hindi सेक्शन में पाएं। वित्तीय दुनिया की स्पष्ट और उपयोगी जानकारी — Asianet News Hindi पर।