
Elon Musk Net Worth: स्पेसएक्स की ऐतिहासिक पब्लिक लिस्टिंग के बाद एलन मस्क ने एक नया इतिहास रच दिया है। कंपनी की वैल्यूएशन 2 ट्रिलियन डॉलर से ऊपर पहुंचने के बाद मस्क दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर बन गए हैं। इस उपलब्धि के बाद दुनिया भर में उनकी संपत्ति और स्पेसएक्स की सफलता को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। इसी बीच लग्जरी ब्रांड समूह LVMH के चेयरमैन और CEO बर्नार्ड अर्नाल्ट ने भी इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
ब्लूमबर्ग बिलियनेयर इंडेक्स के मुताबिक, दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क की कुल नेटवर्थ 1.23 ट्रिलियन डॉलर हो गई है। इसके साथ ही वो दुनिया के पहले खरबपति भी बन चुके हैं। उनके बाद दूसरे और तीसरे नंबर पर गूगल के लैरी पेज (314 बिलियन डॉलर) और सर्गेई ब्रिन (291 बिलियन डॉलर) हैं। चौथे नंबर पर अमेजॉन के जेफ बेजोस (266 बिलियन डॉलर) और पांचवे पर लैरी एलिसन (238 बिलियन डॉलर) हैं। छठे नंबर पर माइकल डेल (221 बिलियन डॉलर), सातवें पर मार्क जुकरबर्ग (206 बिलियन डॉलर), आठवें पर जेनसेन हुआंग (174 बिलियन डॉलर), नौवें पर बर्नार्ड अर्नाल्ट (168 बिलियन डॉलर) और दसवें पर वॉरेन बफे (146 बिलियन डॉलर) हैं।
दुनिया के अमीरों की लिस्ट में भारत के गौतम अडानी 17वें नंबर पर हैं। उनकी कुल नेटवर्थ 119 बिलियन डॉलर है। वहीं, मुकेश अंबानी अब 25वें नंबर पर है और उनकी संपत्ति घटकर 88.8 बिलियन डॉलर रह गई है। यानी एलन मस्क अडानी से करीब 10 गुना और अंबानी से 13 गुना ज्यादा अमीर हैं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किए गए एक वीडियो में बर्नार्ड अर्नाल्ट से एलन मस्क की बढ़ती संपत्ति को लेकर सवाल पूछा गया। अर्नाल्ट ने माना कि मस्क ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को काफी पीछे छोड़ दिया है, लेकिन उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि लोगों को नेटवर्थ और वास्तविक नकदी के बीच का अंतर समझना चाहिए। उन्होंने कहा, "लोग संपत्ति की बात करते हैं, लेकिन वास्तव में यह किसी कंपनी के शेयरों की वैल्यू होती है। यह वह पैसा नहीं है जो सीधे बैंक खाते में मौजूद हो और जिसे तुरंत खर्च किया जा सके।" जब उनसे पूछा गया कि क्या मस्क ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को पूरी तरह पीछे छोड़ दिया है, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, "रॉकेट इंडस्ट्री में तो यह बिल्कुल सही है।"
स्पेसएक्स के सफल IPO के बाद एलन मस्क की कुल संपत्ति में भारी उछाल दर्ज किया गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, IPO की कीमत 135 डॉलर प्रति शेयर तय होने के बाद मस्क की नेट वर्थ में करीब 188 बिलियन डॉलर की बढ़ोतरी हुई। इसके बाद उनकी अनुमानित कुल संपत्ति 982 बिलियन डॉलर तक पहुंच गई। फोर्ब्स के आंकड़ों के मुताबिक, मस्क के पास स्पेसएक्स के लगभग 4.8 बिलियन शेयर हैं, जिनकी कीमत करीब 715 बिलियन डॉलर आंकी गई है। इसके अलावा उनके पास लगभग 50 बिलियन डॉलर मूल्य के 350 मिलियन स्टॉक ऑप्शन भी हैं। इन सभी हिस्सेदारियों को मिलाकर कंपनी में उनकी लगभग 38 प्रतिशत हिस्सेदारी बनती है।
स्पेसएक्स की लिस्टिंग के बाद दिए गए अपने संबोधन में एलन मस्क ने कहा कि यह उपलब्धि सिर्फ एक कारोबारी सफलता नहीं है, बल्कि मानव सभ्यता के भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि स्पेसएक्स का लक्ष्य केवल रॉकेट बनाना नहीं है, बल्कि ऐसी तकनीक विकसित करना है जो इंसानों को कई ग्रहों पर बसने योग्य भविष्य की ओर ले जा सके।
अपने भाषण में मस्क ने पारंपरिक एयरोस्पेस कंपनियों और स्पेसएक्स के बीच अंतर भी बताया। उन्होंने कहा कि कई कंपनियों ने अच्छे रॉकेट बनाए हैं, लेकिन वे उन तकनीकों पर काम नहीं कर रही थीं जो मानव जीवन को पृथ्वी से आगे दूसरे ग्रहों तक ले जा सकें। मस्क के अनुसार, स्पेसएक्स का उद्देश्य उन साइंस-फिक्शन कल्पनाओं को वास्तविकता में बदलना है, जिनके बारे में लोग वर्षों से पढ़ते और सोचते आए हैं।
एलन मस्क ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि भविष्य में अंतरिक्ष यात्रा केवल सरकारों या विशेष रूप से प्रशिक्षित अंतरिक्ष यात्रियों तक सीमित नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि स्पेसएक्स का मकसद ऐसी तकनीक विकसित करना है, जिससे आम लोग भी चंद्रमा, मंगल ग्रह और सौरमंडल के अन्य हिस्सों तक यात्रा कर सकें। मस्क ने कहा कि कंपनी का लक्ष्य "साइंस-फिक्शन" से "फिक्शन" को हटाकर एक ऐसा भविष्य बनाना है जो सभी के लिए रोमांचक, प्रेरणादायक और वास्तविक हो। उनके अनुसार, जो भी व्यक्ति चांद, मंगल या भविष्य में सौरमंडल के अन्य हिस्सों की यात्रा करना चाहता है, स्पेसएक्स उसी दिशा में काम कर रहा है।
अर्थव्यवस्था, बजट, स्टार्टअप्स, उद्योग जगत और शेयर मार्केट अपडेट्स के लिए Business News in Hindi पढ़ें। निवेश सलाह, बैंकिंग अपडेट्स और गोल्ड-सिल्वर रेट्स समेत पर्सनल फाइनेंस की जानकारी Money News in Hindi सेक्शन में पाएं। वित्तीय दुनिया की स्पष्ट और उपयोगी जानकारी — Asianet News Hindi पर।