
कोई भी नई चीज दो तरह से शुरू होती है। या तो आप कुछ करने की पक्की ठान लें, या फिर मुश्किलों से लड़ते हुए खुद अपना रास्ता बना लें। ईशा अंबानी ने हाल ही में एक ऐसा ही किस्सा शेयर किया। उन्होंने बताया कि कैसे एक कॉलेज असाइनमेंट अपलोड करते वक्त जियो का आइडिया आया था। यहां पढ़िए पूरी कहानी।
रिलायंस जियो जल्द ही अपना ऐतिहासिक आईपीओ (IPO) लाने वाला है। लेकिन इसकी शुरुआत करीब दो दशक पहले एक बहुत ही छोटी सी परेशानी से हुई थी। जियो प्लेटफॉर्म्स की आईपीओ प्रेस कॉन्फ्रेंस में ईशा अंबानी ने पुरानी यादें ताजा कीं। उन्होंने बताया कि 2009-2010 में जब वह और आकाश अंबानी कॉलेज की छुट्टियों में अमेरिका से भारत आए थे, तब इंटरनेट बहुत खराब था। ईशा को इंटरनेट से एक सिंपल सा असाइनमेंट अपलोड करने में पसीने छूट गए थे। उस वक्त भारत में इंटरनेट की हालत काफी खस्ता थी। ईशा की इसी परेशानी ने भारत की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी 'जियो' की नींव रखी।
उस वक्त ईशा के मन में एक सवाल आया कि पश्चिमी देशों जैसी इंटरनेट स्पीड हमारे यहां क्यों नहीं है? आकाश अंबानी ने इसका जवाब देते हुए कहा कि हमें खुद एक डिजिटल टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म बनाना होगा। इसी सोच के साथ 2016 में जियो की शुरुआत हुई। आज हम 2026 में हैं और जियो 50 करोड़ (500 मिलियन) से ज्यादा भारतीयों को मोबाइल सर्विस दे रहा है। इसके अलावा लाखों लोग जियो का ब्रॉडबैंड इस्तेमाल कर रहे हैं। जियो सिर्फ आम लोगों को ही नहीं, बल्कि अपने B2B बिजनेस के जरिए छोटे व्यापारियों और कंपनियों को भी डिजिटल होने में मदद कर रहा है। रिलायंस इंडस्ट्रीज ने अब नए शेयर जारी करके जियो का आईपीओ लाने का फैसला किया है।
रिलायंस जियो अपना आईपीओ 21 अक्टूबर को खोलेगा। यह आईपीओ 23 अक्टूबर 2026 को बंद होगा। इसके शेयर 28 अक्टूबर को मार्केट में लिस्ट होने की उम्मीद है और उसी दिन से ट्रेडिंग शुरू हो जाएगी। जियो प्लेटफॉर्म्स ने इसके लिए 1065 रुपये से 1119 रुपये का प्राइस बैंड तय किया है। रिटेल इन्वेस्टर्स को कम से कम 12 शेयरों के लिए बोली लगानी होगी। इसके बाद 12 के मल्टीपल में ही बिड कर सकते हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरहोल्डर्स और जियो प्लेटफॉर्म्स के योग्य कर्मचारियों के लिए भी इसमें रिजर्वेशन रखा गया है।
अर्थव्यवस्था, बजट, स्टार्टअप्स, उद्योग जगत और शेयर मार्केट अपडेट्स के लिए Business News in Hindi पढ़ें। निवेश सलाह, बैंकिंग अपडेट्स और गोल्ड-सिल्वर रेट्स समेत पर्सनल फाइनेंस की जानकारी Money News in Hindi सेक्शन में पाएं। वित्तीय दुनिया की स्पष्ट और उपयोगी जानकारी — Asianet News Hindi पर।