महीने के आखिर तक जेब हो जाती हो खाली तो इन टिप्स से बचाएं पैसे

आजकल नौकरी करने वाले युवाओं की सबसे बड़ी समस्या है महीने के आखिरी दिनों में जेब का खाली हो जाना। इससे बचने के लिए कुछ टिप्स की मदद ली जा सकती है और फाइनेंस को मैनेज किया जा सकता है। 

Asianet News Hindi | Published : Aug 26, 2019 9:51 AM IST / Updated: Aug 26 2019, 03:24 PM IST

नई दिल्ली। नौकरी करने वाले ज्यादातर युवाओं की आम समस्या है महीने के आखिरी हफ्ते में उनकी जेब का खाली हो जाना। फिर पैसे के लिए उन्हें इधर-उधर से व्यवस्था करनी पड़ती है। कई बार उन्हें छोटा-मोटा कर्ज भी लेना पड़ता है। देखा जाए तो यह समस्या सही तरीके से फाइनेंस मैनेज नहीं करने से पैदा होती है। आम तौर पर युवा सैलरी मिलते ही अनाप-शनाप खर्च कर देते हैं। उन्हें आगे के दिनों का ख्याल ही नहीं रहता। ज्यादातर युवा अपने खर्चों का कोई हिसाब नहीं रखते, ना ही बजट बनाते हैं। इससे उन्हें पता ही नहीं चलता कि उनके पैसे खर्च कैसे हो गए। सारे खुदरा खर्चे याद रख पाना संभव नहीं होता। कुछ टिप्स की मदद से अगर आप चाहें तो इस समस्या से बच सकते हैं।

बजट बनाएं
अपने महीने के खर्चे का बजट बनाएं। इससे यह अंदाज रहता है कि किस मद में कितना खर्चा करना है। इसके साथ ही, हिसाब लिखने की आदत डालें। इसके लिए जरूरी नहीं कि आप डायरी पर ही सारा हिसाब लिखें। अब ऐसे कई मोबाइल एप्लिकेशन आ गए हैं, जिनके जरिए बहुत आसानी से यह काम किया जा सकता है।

फालतू खर्च नहीं करें
बाहर जा कर खाने और दोस्तों के साथ कैफै या बार जाने में भी बहुत खर्चा हो जाता है। अक्सर बड़े शहरों में रहने वाले युवा इन खर्चों से बच नहीं पाते। पर इनमें कटौती करनी चाहिए। बाहर खाना खाने की जगह घर में खाना बनाना सस्ता भी पड़ता है और यह खाना हेल्दी भी होता है। इसके अलावा स्मोकिंग और ड्रिंक्स पर होने वाले खर्चे को भी कम किया जा सकता है। 

पब्लिक ट्रांसपोर्ट का करें इस्तेमाल
कहीं आने-जाने में जो खर्च होता है, वह नजर नहीं आता। हमेशा ऑटो या टैक्सी लेने से खर्चा ज्यादा होता है। वहीं, पब्लिक ट्रांसपोर्ट से आने-जाने से काफी बचत होती है। ऑनलाइन राइड सर्विसेस आ जाने के बाद अब लोग इन्हीं व्हीकल्स का इस्तेमाल ज्यादा करते हैं। इसमें आराम और सुविधा तो है, लेकिन खर्च ज्यादा होता है। डिस्काउंट और कैशबैक ऑफर्स से भी बहुत फायदा नहीं होता। पब्लिक ट्रांसपोर्ट अपनाने पर सेविंग करने में मदद मिलती है।

निवेश करें
सिस्टमेटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (एसआईपी) में निवेश करना भी बचत करने का बहुत अच्छा तरीका माना जाता जाता है। एसआईपी में इन्वेस्ट करने के लिए बहुत सारे ऐप्स आ गए हैं, जिनसे सही गाइडेंस मिलती है। इसमें छोटे अमाउंट से भी बचत शुरू की जा सकती है। इससे भविष्य के लिए भी अच्छी-खासी रकम भी जमा हो जाती है।

Share this article
click me!