
Akash Anant Ambani Net Worth: मुकेश-नीता अंबानी के दोनों बेटे आकाश-अनंत संयुक्त रूप से देश के सबसे अमीर शख्स बन गए हैं। 360 वन वेल्थ और क्रिसिल की एक स्टडी में ये बात सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, आकाश और अनंत की कुल ज्वाइंट नेटवर्थ 3.59 लाख करोड़ रुपए है। इसके साथ ही दोनों देश में सबसे अमीर हैं। आकाश अभी 33 साल के और अनंत अंबानी 30 साल के हैं।
360 वन वेल्थ और क्रिसिल ने अपनी इस लिस्ट में भारत के 2013 अमीर लोगों को शामिल किया है। इन सभी की कुल संपत्ति 100 लाख करोड़ रुपए है, जो देश की कुल जीडीपी का करीब एक तिहाई हिस्सा बैठता है। बता दें कि लिस्ट में केवल उन लोगों को ही जगह दी गई है, जिनकी नेटवर्थ कम से कम 500 करोड़ रुपए है।
रिपोर्ट के मुताबिक, देश के बड़े कॉपोरेट घरानों जैसे टाटा ग्रुप, रिलायंस और अडानी ग्रुप जैसे कई बड़े कॉर्पोरेट हाउस के प्रमोटर्स के पास करीब 36 लाख करोड़ रुपये की नेटवर्थ है। स्टडी में ये बात सामने आई कि बैंकिंग, टेलीकॉम और एविएशन सेक्टर से जुड़े लोगों के पास सबसे ज्यादा संपत्ति है। इसके बाद फार्मा इंडस्ट्री से जुड़े बिजनेसमैन भी काफी अमीर हैं। इस लिस्ट में फाइनेंशियल सर्विसेज और आईटी इंडस्ट्री से जुड़े लोगों की संख्या भी काफी ज्यादा है।
भारत की आर्थिक राजधानी यानी मुंबई में सबसे ज्यादा अमीर लोग हैं। 360 वन वेल्थ और क्रिसिल की रिपोर्ट की मानें तो कुल 2013 अमीर लोगों में से 577 तो सिर्फ मुंबई से हैं। यानी लिस्ट में शामिल कुल अमीरों में करीब 30% तो अकेले मुंबई से आते हैं। वहीं, कुल नेटवर्थ में इनकी हिस्सेदारी 40% के आसपास है। इसके बाद 17% के साथ दिल्ली दूसरे नंबर पर, 8 प्रतिशत के साथ बेंगलुरू तीसरे और 5 प्रतिशत के साथ अहमदाबाद चौथे नंबर पर है।
बता दें कि इस लिस्ट में शामिल 2013 लोगों में से 161 के पास 10,000 करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति है। वहीं, 169 लोग ऐसे हैं जिनके पास 5000 से लेकर 10 हजार करोड़ तक की संपत्ति है। बता दें कि लिस्ट में शामिल लोगों की कुल संपत्ति में महिलाओं की हिस्सेदारी करीब 24% है। इस लिस्ट में शामिल महिलाओं में ईशा अंबानी सबसे ऊपर हैं।
व्यापार समाचार: Read latest business news in Hindi, Investment News, Insurance News, Personal Finance Tips & Budget News Live Updates at Asianet Hindi News