भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 8 महीने के उच्चतम स्तर पर, पाकिस्तान से इतने गुना ज्यादा

भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 8 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है। बीते 24 मार्च को समाप्त हफ्ते के दौरान भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में 5.98 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। इसके साथ ही ये 578 अरब डॉलर तक पहुंच गया है। 

Ganesh Mishra | Published : Apr 1, 2023 1:42 PM IST

Foreign Exchange Reserve: विदेशी मुद्रा भंडार को लेकर अच्छी खबर है। बीते 24 मार्च को समाप्त हफ्ते के दौरान भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में 5.98 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। इसके साथ ही भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 8 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है। वहीं, भारत की तुलना में पाकिस्तान का विदेशी मुद्रा भंडार लगातार गिर रहा है। ये फिलहाल 4.59 अरब डॉलर है।

जानें कितना हुआ भारत का Foreign Exchange Reserve :

रिजर्व बैंक (Reserve Bank of India) की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 मार्च को खत्म हुए हफ्ते के दौरान विदेशी मुद्रा भंडार 5.98 अरब डॉलर बढ़ा। इसके साथ ही अब ये 578.78 अरब डॉलर पहुंच गया है। इससे पहले 17 मार्च को खत्म हुए हफ्ते के दौरान भी इसमें 12.79 अरब डॉलर का इजाफा हुआ था।

अक्टूबर, 2021 में उच्चतम स्तर पर था विदेशी मुद्रा भंडार :

अक्टूबर, 2021 में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था। तब यह 645 अरब डॉलर हो गया था। बता दें कि देश के सोने के भंडार (Gold reserves) के मूल्य में भी बढोतरी हुई है। 24 मार्च को खत्म हुए हफ्ते के दौरान यह 1.37 अरब डॉलर बढ़ कर 45.48 अरब डॉलर तक पहुंच गया है।

पाकिस्तान से 126 गुना ज्यादा है भारत का मुद्रा भंडार :

पाकिस्तान की तुलना में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 126 गुना ज्यादा है। पाकिस्तान का फॉरेन रिजर्व जहां 4.59 अरब डॉलर है, वहीं भारत का 578.78 अरब डॉलर है।

क्या होता है विदेशी मुद्रा भंडार?

विदेशी मुद्रा भंडार किसी भी देश के लिए एक तरह का इमरजेंसी फंड होता है, जो कि उस देश के केंद्रीय बैंक के पास रखा होता है। इसमें कैश, बॉन्ड, सोना और दूसरी तरह की परिसंपत्तियां शामिल होती हैं। अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के पास जमा रकम भी विदेशी मुद्रा भंडार का हिस्सा होती है। किसी भी देश की आर्थिक स्थिति खराब होने पर वो विदेशी मुद्रा भंडार के जरिए अपनी देनदारियों का भुगतान कर सकता है। फॉरेन एक्सचेंज रिजर्व अमेरिकी डॉलर में ही रखा जाता है, क्योंकि यह दुनियाभर में सबसे ज्यादा प्रचलित मुद्रा है।

सबसे ज्यादा फॉरेन एक्सचेंज वाले टॉप-5 देश :

चीन - 3315 अरब डॉलर

जापान - 1426 अरब डॉलर

स्विट्जरलैंड - 1250 अरब डॉलर

रूस - 594 अरब डॉलर

भारत - 578 अरब डॉलर

ये भी देखें : 

PHOTOS: अंबानी की छोटी बहू ब्लैक साड़ी में लगी बला की खूबसूरत, श्लोका को Kiss करते दिखे आकाश

Vande Bharat: देश को मिली 11वीं वंदे भारत, जानें अब तक किन-किन रूट्स पर चल रही ये ट्रेन

Share this article
click me!