
India Most Valuable Family Businesses: बार्कलेज प्राइवेट क्लाइंट्स और हुरुन इंडिया ने '2025 बार्कलेज प्राइवेट क्लाइंट्स हुरुन इंडिया मोस्ट वैल्यूएबल फैमिली बिजनेस लिस्ट' का दूसरा संस्करण जारी किया है। इसमें खुलासा किया गया है कि भारत के टॉप 300 पारिवारिक व्यवसायों का संयुक्त मूल्य 134 लाख करोड़ रुपए है। यह तुर्की और फिनलैंड के सकल घरेलू उत्पाद (GDP) से अधिक है।
अंबानी परिवार लगातार दूसरे साल टॉप पर बना हुआ है। इसकी कुल संपत्ति 28.2 लाख करोड़ रुपए है। यह भारत के GDP का लगभग बारहवां हिस्सा है। इसके ठीक बाद, कुमार मंगलम बिड़ला परिवार 6.5 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ एक स्थान ऊपर चढ़कर दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। जिंदल परिवार 5.7 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ पहली बार टॉप 3 में शामिल हुआ है। इन तीनों की कुल संपत्ति 471 अरब अमेरिकी डॉलर (40.4 लाख करोड़ रुपए) है, जो फिलीपींस की GDP के बराबर है।
वर्ष 2025 में 100 नए परिवारों ने रैंकिंग में प्रवेश किया है। इससे लिस्ट बढ़कर 300 हो गई। इन व्यवसायों ने पिछले वर्ष प्रतिदिन औसतन 7100 करोड़ रुपए कमाए। 1.8 लाख करोड़ रुपए टैक्स दिया। यह भारत के कॉर्पोरेट टैक्स कलेक्शन का 15 प्रतिशत है। इन परिवारों ने 20 लाख से अधिक लोगों को रोजगार दिया। यह संख्या बहरीन की जनसंख्या से भी अधिक है।
पहली पीढ़ी के कारोबार कैटेगरी में अडाणी परिवार 14 लाख करोड़ रुपए के साथ टॉप पर है। उसके बाद अनिल अग्रवाल का परिवार 2.6 लाख करोड़ रुपए के साथ दूसरे स्थान और सीरम इंस्टीट्यूट का पूनावाला परिवार 2.3 लाख करोड़ रुपए के साथ तीसरे स्थान पर है। शीर्ष 10 में प्रवेश की सीमा 2.2 लाख करोड़ रुपए हो गई है।
भारत के पारिवारिक उद्यमों की संपत्ति बढ़ी है। 161 परिवारों का मूल्य 1 बिलियन डॉलर (8763 करोड़ रुपए) से अधिक है। यह पिछले वर्ष की तुलना में 37% अधिक है। हल्दीराम परिवार 85,800 करोड़ रुपए के साथ दूसरे वर्ष भी सबसे मूल्यवान गैर-सूचीबद्ध कंपनी बना हुआ है। उल्लेखनीय है कि सूची में शामिल 22 पारिवारिक व्यवसायों का नेतृत्व महिलाएं कर रही हैं, जबकि 62 के सीईओ पेशेवर हैं।
मुंबई सबसे ज्यादा सूचीबद्ध परिवारों (91) वाला शहर है। उसके बाद एनसीआर (62) और कोलकाता (25) का स्थान है। औद्योगिक उत्पादों की संख्या 48 कंपनियों के साथ सबसे आगे है। ऑटोमोबाइल और ऑटो कंपोनेंट्स का औसत मूल्यांकन सबसे ज्यादा 52,320 करोड़ रुपए है। लिस्ट में सबसे पुराना व्यवसाय वाडिया परिवार का है। इसका मूल्य 1.58 लाख करोड़ रुपए है। ग्रेट ईस्टर्न शिपिंग के 93 साल के कन्हैयालाल मानेकलाल शेठ सबसे बुजुर्ग सक्रिय कारोबारी नेता हैं। वह 14,000 करोड़ रुपए की कंपनी चला रहे हैं।
व्यापार समाचार: Read latest business news in Hindi, Investment News, Insurance News, Personal Finance Tips & Budget News Live Updates at Asianet Hindi News