
India GDP Growth Forecast: आर्थिक मोर्चे पर भारत के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा टैरिफ लगाए जाने के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था बुलेट की रफ्तार से दौड़ेगी। ये बात अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष की एक रिपोर्ट में कही गई है। IMF ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए भारत की GDP ग्रोथ रेट का अनुमान 6.4% से बढ़ाकर अब 6.6% कर दिया है। बता दें कि दुनिया की तमाम अर्थव्यवस्थाओं में भारत की विकास दर सबसे ज्यादा है। आईएमएफ ने अपनी एक रिपोर्ट में कहा है कि 2025 में ग्लोबल ग्रोथ रेट 3.2 प्रतिशत रहने का अनुमान है। वहीं, 2026 में इसके 3.1% रहने का अनुमान लगाया गया है। हालांकि, 2024 में वैश्विक विकास दर 3.3% थी।
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष की रिपोर्ट के मुताबिक, 2026 में एडवांस्ड इकोनॉमीज की विकास दर लगभग 1.5 प्रतिशत और उभरते बाजारों व विकासशील अर्थव्यवस्थाओं की वृद्धि दर 4 प्रतिशत से थोड़ी ज्यादा रहने का अनुमान लगाया गया है। ग्लोबल लेवल पर महंगाई दर में गिरावट जारी रहने का अनुमान है, हालांकि, इसको लेकर अलग-अलग देशों में अंतर देखने को मिलेगा। अमेरिका में जहां ये अपने टारगेट से ऊपर रहेगी, वहीं अन्य जगहों पर धीमी रहेगी।
ये भी पढ़ें : क्या आप जानते हैं दुनिया का सबसे महंगा घर, इसकी कीमत में बन जाएंगे शाहरुख के मन्नत जैसे 172 बंगले
| देश का नाम | IMF का ग्रोथ अनुमान |
| अमेरिका | 2.0% |
| चीन | 4.8% |
| जर्मनी | 0.2% |
| भारत | 6.6% |
| फ्रांस | 0.7% |
| यूके | 1.3% |
| जापान | 1.1% |
| रूस | 0.6% |
| ब्राजील | 2.4% |
| सऊदी अरब | 4.0% |
| स्पेन | 2.9% |
| नाइजीरिया | 3.9% |
वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही यानी अप्रैल-जून के दौरान भारत की विकास दर 7.8% रही, जो वित्त वर्ष 2024 की पहली तिमाही में 6.5 थी। पिछली 5 तिमाहियों से तुलना करें तो ये सबसे ज्यादा है। कई अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्थाओं ने भारत की विकास दर को लेकर पॉजिटिव संकेत दिए हैं। इनमें वर्ल्ड बैंक भी शामिल है।
वर्ल्ड बैंक ने अक्टूबर की शुरुआत में ही कहा है कि वित्त वर्ष 2025-26 में भारत की अर्थव्यवस्था 6.5% की रफ्तार से बढ़ेगी, पहले उसने 6.3% का अनुमान लगाया था, लेकिन बाद में इसे बढ़ा दिया। विश्व बैंक ने अपनी एक रिपोर्ट में कहा कि भारत में कंजम्प्शन ग्रोथ में लगातार मजबूती के कारण ये दुनिया की सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बना रहेगा। हालांकि, इसके साथ ही वर्ल्ड बैंक ने अमेरिक द्वारा लगाए गए 50% टैरिफ को लेकर कहा कि आने वाले कुछ सालों में इसका असर दिख सकता है।
ये भी देखें : अमेरिका नहीं ये है दुनिया का सबसे अमीर देश, जानें टॉप-10 में कौन-कौन
व्यापार समाचार: Read latest business news in Hindi, Investment News, Insurance News, Personal Finance Tips & Budget News Live Updates at Asianet Hindi News