
India Forex Reserves: आर्थिक मोर्चे पर भारत के लिए अच्छी खबर है। 28 मार्च को खत्म हुए हफ्ते में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 6.60 अरब डॉलर बढ़कर 665.40 अरब डॉलर पहुंच गया। रिजर्व बैंक द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, ये लगातार चौथा हफ्ता है, जब भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में इजाफा हुआ है। बता दें भारत का विदेशी मुद्रा भंडार पड़ोसी पाकिस्तान से कई गुना ज्यादा है।
भारत का विदेशी मुद्रा भंडार पड़ोसी पाकिस्तान की तुलना में 42 गुना से भी ज्यादा है। पाकिस्तान का विदेशी मुद्रा भंडार फिलहाल 15.96 अरब डॉलर है, जबकि भारत का फॉरेक्स रिजर्व इससे कई गुना ज्यादा 665.40 अरब डॉलर है। पिछले कुछ महीनों में पाकिस्तान के विदेशी मुद्रा भंडार में तेजी आई है। सितंबर, 2024 में उसका फॉरेक्स रिजर्व सिर्फ 8 अरब डॉलर था, जो कि अब दोगुना हो चुका है। फॉरेक्स रिजर्व के मामले में पाकिस्तान दुनिया का 68वां बड़ा देश है, जबकि भारत का नाम वर्ल्ड के टॉप-5 देशों में शामिल है।
बता दें कि भारत का फॉरेक्स रिजर्व सितंबर, 2024 में 704.89 अरब डॉलर के ऑलटाइम हाइएस्ट लेवल तक पहुंच गया था। बता दें कि किसी भी देश के पास विदेशी मुद्रा भंडार के मामले में भारत अभी चौथे नंबर पर है। भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में जो रकम है, उससे बड़े आराम से 11 महीने के आयात को पूरा किया जा सकता है।
दुनिया में सबसे ज्यादा विदेशी मुद्रा भंडार वाले देशों में चीन टॉप पर है। चीन का विदेशी मुद्रा भंडार 3571 अरब डॉलर है। इसके बाद दूसरे नंबर पर जापान है, जिसका फॉरेक्स रिजर्व 1238 अरब डॉलर है। तीसरे नंबर पर स्विट्जरलैंड का नाम है, जिसके पास 952 अरब डॉलर का विदेशी मुद्रा भंडार है। वहीं चौथे नंबर पर 665 अरब डॉलर के साथ भारत का नाम है। वहीं, 620 अरब डॉलर के साथ रूस पांचवे नंबर पर है। खास बात ये है कि दुनिया का सबसे ताकतवर देश अमेरिका का नॉम टॉप-10 में भी नहीं है। अमेरिका के पास 243 अरब डॉलर का फॉरेक्स रिजर्व है और वो दुनिया में 15वें नंबर पर है।
व्यापार समाचार: Read latest business news in Hindi, Investment News, Insurance News, Personal Finance Tips & Budget News Live Updates at Asianet Hindi News