3 घर-1 कैफे, वो भी 34 की उम्र से पहले? जानें कैसे 'बचत' ने बदली साकी की ज़िंदगी

Published : Aug 31, 2024, 02:35 PM IST
3 घर-1 कैफे, वो भी 34 की उम्र से पहले? जानें कैसे 'बचत' ने बदली साकी की ज़िंदगी

सार

जापान की साकी नामक महिला ने कम खर्च और बचत से 34 साल की उम्र से पहले ही तीन घर खरीदकर और खुद का बिज़नेस शुरू करके एक मिसाल कायम की है। साकी एक दिन में सिर्फ 1.4 डॉलर यानी करीब 110 रुपये ही खर्च करती हैं।

15 साल में खुद के तीन घर खरीदना और एक बिज़नेस शुरू करना, ये सुनकर आपको हैरानी होगी। जापान की एक महिला ने ये कर दिखाया है। जापानी मीडिया ने साकी नाम की इस 37 वर्षीय महिला को देश की सबसे मितव्ययी महिला बताया है। कम खर्च वाली जीवनशैली ने कम उम्र में ही साकी को बड़ी वित्तीय सफलता हासिल करने में मदद की। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अनावश्यक रूप से एक रुपया भी खर्च करना पसंद नहीं करने वाली साकी अपनी जरूरत की चीजों पर भी बहुत सोच-समझकर पैसे खर्च करती हैं। साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, यह महिला एक दिन के खाने पर सिर्फ 1.4 डॉलर यानी करीब 110 रुपये ही खर्च करती है। 

साकी ने बहुत कम उम्र से ही आर्थिक रूप से अनुशासित जीवन जीना शुरू कर दिया था। 19 साल की उम्र में उनका लक्ष्य 34 साल की उम्र तक तीन घर खरीदना था। साकी कहती हैं कि उन्हें अपनी बचत को बढ़ता हुआ देखकर खुशी होती है और उन्हें पैसे बचाने में सुकून और सुरक्षा मिलती है। 

यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन करने के बाद साकी ने एक प्रॉपर्टी एजेंट के रूप में काम किया। वह अपनी सैलरी का आधे से ज्यादा हिस्सा बचाना चाहती थीं, इसलिए उन्होंने खर्च कम करने के कई तरीके खोजे। इसमें सबसे अहम था खाने-पीने का खर्च कम से कम करना। इसके लिए उन्होंने दुकानों से ऑफर रेट पर मिलने वाली चीजें ही खरीदीं। उन्होंने कभी भी बाहर का खाना नहीं खाया। हर दिन, हर समय घर का बना खाना ही खाया। इतना ही नहीं, पैसा बचाने के लिए उन्होंने खाना खाने के लिए अलग बर्तन तक नहीं खरीदे। बल्कि जिस बर्तन में खाना बनता था, उसी में खाना खाती थीं। 

 

साकी ने कभी नए कपड़े नहीं खरीदे। वह अपने रिश्तेदारों और दोस्तों से उनके पुराने लेकिन इस्तेमाल लायक कपड़े लेकर इस्तेमाल करती थीं। वह कूड़ेदान से भी अपने घर के लिए जरूरत का सामान ढूंढ लेती थीं। उन्होंने कभी भी ब्यूटी प्रोडक्ट्स पर पैसे खर्च नहीं किए। अक्सर अपने बाल लंबे करती थीं और फिर उन्हें बेचकर मिलने वाले पैसे बचा लेती थीं। इस तरह 27 साल की उम्र में साकी ने टोक्यो के कांटो क्षेत्र के सैतामा में 10 मिलियन येन (US$69,000) में अपना पहला घर खरीदा। साकी ने उस घर को किराए पर दे दिया और अपनी बचत बढ़ाती रहीं। दो साल बाद, उन्होंने 18 मिलियन येन में अपना दूसरा घर खरीदा। 2019 में, साकी ने 37 मिलियन येन में अपना तीसरा घर खरीदा। 

 

बचपन से ही साकी को बिल्लियों से बहुत लगाव था। उनका अगला बड़ा सपना था कि आवारा बिल्लियों को रहने के लिए अपनी एक जगह हो। उन्होंने अपना यह सपना भी पूरा किया। उन्होंने अपने तीसरे घर के ग्राउंड फ्लोर पर 'कैफ़े युवानगी' नाम से एक 'कैट कैफ़े' खोला। साकी तमोгами इस कैफ़े से होने वाली कमाई और दूसरी कमाई का इस्तेमाल जानवरों की देखभाल के लिए करती हैं। आज भी मितव्ययी जीवनशैली को अपना हिस्सा मानने वाली साकी के भविष्य के लक्ष्यों में भी जानवरों की देखभाल सबसे ऊपर है।

PREV

व्यापार समाचार: Read latest business news in Hindi, Investment News, Insurance News, Personal Finance Tips & Budget News Live Updates at Asianet Hindi News

Recommended Stories

10X10 के कमरे से शुरू करें ये 5 बिजनेस, Day-1 से होगी खूब कमाई!
ALERT! सिर्फ एक कॉल और सालों की कमाई साफ, जानें इंश्योरेंस स्कैम से कैसे बचें