
Mukesh Ambani Net worth: भारत के साथ ही एशिया के सबसे अमीर बिजनेसमैन मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) की नेटवर्थ में काफी उछाल आया है। दरअसल, रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) के शेयर में तेजी के चलते उनकी नेटवर्थ अचानक बढ़ गई है। इतना ही नहीं, मुकेश अंबानी दुनिया के टॉप-10 अमीरों में शामिल होने से बस एक कदम दूर रह गए हैं।
अमीरों की लिस्ट में 11वें नंबर पर पहुंचे अंबानी
मुकेश अंबानी की नेटवर्थ में तेजी के चलते वो दुनियाभर के टॉप अमीरों की लिस्ट में 11वें नंबर पर पहुंच गए हैं। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स (Bloomberg Billionaires Index) के मुताबिक, मुकेश अंबानी की नेटवर्थ 98.3 बिलियन डॉलर हो गई है। बुधवार को अंबानी की नेटवर्थ में 66.9 करोड़ डॉलर की बढ़ोतरी हुई। वहीं, इस साल अब तक उनकी नेटवर्थ में 11.2 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है।
जानें दुनिया के टॉप-10 अमीर कौन?
| रैंक | नाम | नेटवर्थ (अरब डॉलर में) |
| 1 | एलन मस्क | 255 |
| 2 | बर्नार्ड अर्नाल्ट | 203 |
| 3 | जेफ बेजोस | 160 |
| 4 | बिल गेट्स | 138 |
| 5 | लैरी एलिसन | 134 |
| 6 | स्टीव बाल्मर | 123 |
| 7 | वॉरेन बफे | 115 |
| 8 | मार्क जुकरबर्ग | 115 |
| 9 | लैरी पेज | 112 |
| 10 | सर्गेई ब्रिन | 106 |
| 11 | मुकेश अंबानी | 98.3 |
गौतम अडानी भी 22वें नंबर पर पहुंचे
भारत के दूसरे सबसे अमीर बिजनेसमैन गौतम अडानी भी अमीरों की लिस्ट में 22वें नंबर पर पहुंच गए हैं। अडानी की नेटवर्थ 60.8 बिलियन डॉलर है। इससे पहले वो इस लिस्ट में 26वें नंबर पर पहुंच गए थे। अडानी की नेटवर्थ में बुधवार को 50.5 करोड़ डॉलर का इजाफा हुआ। हालांकि, इस साल अब तक अडानी की नेटवर्थ में करीब 59.7 बिलियन डॉलर की कमी आई है। 24 जनवरी, 2023 से पहले अडानी दुनिया के टॉप-3 अमीरों में शामिल हो गए थे। हालांकि, हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट के बाद उनकी नेटवर्थ में काफी गिरावट आई।
गिरावट के बावजूद टॉप पर बने हुए हैं एलन मस्क
एलन मस्क 255 बिलियन डॉलर की नेटवर्थ के साथ दुनिया के सबसे अमीर शख्स बने हुए हैं। हालांकि, बुधवार को उनकी नेटवर्थ में 1.49 अरब डॉलर की गिरावट आई। लेकिन बावजूद इसके वो अब भी दुनिया के सबसे अमीर शख्स हैं। टेस्ला (Tesla) के शेयरों में तेजी के चलते इस साल एलन मस्क ने अब तक 118 बिलियन डॉलर की कमाई की है।
ये भी देखें :
जानें नीता अंबानी को क्या कहकर बुलाता है उनका स्टॉफ?
व्यापार समाचार: Read latest business news in Hindi, Investment News, Insurance News, Personal Finance Tips & Budget News Live Updates at Asianet Hindi News