
PF Withdrawal New Rules 3 Big Risks: अगर आप जॉब करते हैं और हर महीने आपकी सैलरी से पीएफ (PF) कटता है, तो आपके लिए एक बहुत बड़ी खबर है। अब तक पीएफ का पैसा निकालने के लिए जो लंबी कागजी कार्रवाई, फॉर्म भरने का झंझट और हफ्तों का इंतजार करना पड़ता था, वह सब बीते दिनों की बात होने वाली है। लेकिन अब सरकार एक ऐसा धांसू प्लान बना रही है, जिससे आपके पीएफ का पैसा निकालना उतना ही आसान हो जाएगा, जितना एटीएम (ATM) से कैश निकालना या दुकान पर यूपीआई (UPI) से पेमेंट करना होता है। अगर आप इस खबर से खुश हो रहे हैं, तो रूकिए। जितनी बड़ी यह खुशखबरी है, उतनी ही बड़ी फाइनेंशियल एक्सपर्ट्स की चेतावनी भी है। आइए जानते हैं कि सरकार का यह नया नियम क्या है और क्यों इस आसान सुविधा के पीछे 3 बड़े नुकसान भी छिपे हुए हैं।
सरकार चाहती है कि PF का पैसा निकालना उतना ही सिंपल हो जाए जितना UPI से पैसे भेजना या ATM से कैश निकालना। मतलब, न लंबा फॉर्म, न ऑफिस के चक्कर, न हफ्तों का इंतजार करना पड़े। ये सीधा EPFO (Employees' Provident Fund Organisation) से जुड़ा है, जो करोड़ों नौकरी करने वालों का PF मैनेज करता है। बहुत जल्द यह लागू होने वाला है। इसके बाद पैसा सीधे डिजिटल तरीके से कुछ ही सेंकंड्स में आपके अकाउंट में आ जाएगा।
इस प्लान के पीछे सोच यही है कि लोगों को इमरजेंसी में, मेडिकल जरूरत में, या किसी और मुसीबत में फटाफट पैसा मिल सके। आज तक का सिस्टम काफी धीमा और पेपरवर्क से भरा रहा है, जिससे लोग परेशान होते थे। खास बात ये भी है कि छोटे शहरों और गांवों में रहने वाले लोगों को भी इसका फायदा मिलेगा, जिन्हें अक्सर पुराने तरीके से क्लेम करने में दिक्कत आती थी। डिजिटल सिस्टम से चीजें ज्यादा पारदर्शी और तेज होंगी।
एक्सपर्ट्स का कहना है कि पीएफ निकालना आसान होना मतलब बार-बार इस्तेमाल करना नहीं होता है। PF और पेंशन का पैसा रिटायरमेंट के लिए होता है, ना कि रोजमर्रा के खर्चों के लिए। अगर सिर्फ इसलिए कि पैसा निकालना आसान हो गया, लोग बिना सोचे-समझे बार-बार पैसा निकालने लगें, तो आगे चलकर भारी नुकसान हो सकता है।
1. पेंशन का हक खत्म हो सकता है
PF में आपका कुछ हिस्सा पेंशन स्कीम में जाता है। अगर आप जल्दी पैसा निकाल लेते हैं, तो आगे चलकर मिलने वाली मंथली पेंशन का हक भी खो सकते हैं। यानी आज थोड़े पैसे के लिए, आप अपने बुढ़ापे की रेगुलर इनकम छोड़ रहे हैं।
2. कंपाउंडिंग का फायदा रुक जाता है
PF का पैसा जितना लंबे समय तक जमा रहता है, उतना ज्यादा बढ़ता है, क्योंकि इस पर ब्याज, ब्याज पर भी ब्याज मिलता रहता है। जल्दी निकालने से ये पूरा साइकल टूट जाता है, और जो बड़ा फंड भविष्य में बन सकता था, वो नहीं बन पाता।
3. बुढ़ापे में महंगाई का सामना करना मुश्किल हो सकता है
आज के दौर में लोग पहले से ज्यादा लंबा जीते हैं, और महंगाई भी लगातार बढ़ती रहती है। ऐसे में रिटायरमेंट के बाद एक स्टेबल पेंशन इनकम होना बहुत जरूरी हो जाता है। जल्दी पैसा निकाल लेने पर ये सुरक्षा खत्म हो सकती है।
एक्सपर्ट्स कहते हैं कि कुछ हालातों में पैसा निकालना समझदारी भी हो सकता है, जैसे अगर सच में कोई बड़ी इमरजेंसी हो, अगर आपका PF बैलेंस वैसे भी बहुत छोटा है, अगर आप आगे किसी ऐसी नौकरी में नहीं जाने वाले जहां PF कटता है। लेकिन फैसला लेने से पहले अपनी उम्र, कितने साल नौकरी की है, आगे का प्लान क्या है, और रिटायरमेंट के लक्ष्य क्या हैं, इन सब बातों पर सोचना जरूरी है।
डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में दी गई जानकारी सामान्य उद्देश्यों के लिए है, इसे फाइनेंशियल या इन्वेस्टमेंट सलाह न समझें। EPFO से जुड़े नियम और प्रोसेस समय-समय पर बदल सकते हैं, इसलिए लेटेस्ट जानकारी के लिए EPFO की आधिकारिक वेबसाइट देखें या किसी सर्टिफाइड फाइनेंशियल एडवाइजर से सलाह लें। PF निकालने का फैसला अपनी पर्सनल फाइनेंशियल सिचुएशन देखकर ही लें।
अर्थव्यवस्था, बजट, स्टार्टअप्स, उद्योग जगत और शेयर मार्केट अपडेट्स के लिए Business News in Hindi पढ़ें। निवेश सलाह, बैंकिंग अपडेट्स और गोल्ड-सिल्वर रेट्स समेत पर्सनल फाइनेंस की जानकारी Money News in Hindi सेक्शन में पाएं। वित्तीय दुनिया की स्पष्ट और उपयोगी जानकारी — Asianet News Hindi पर।