
बिजनेस डेस्क। किंग ऑफ गुड टाइम के रूप में मशहूर रहे भारत के भगोड़े कारोबारी विजय माल्या ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से आर्थिक पैकेज की घोषणा के बाद ट्वीट किया है। ट्वीट में उन्होंने एक बार फिर स्टेट बैंक को पूरा कर्ज लौटाने की बात कही और उनसे जुड़े मामलों को रफादफा करने की मांग की।
विजय माल्या ने ट्वीट में लिखा, "मैं सरकार को कोविड 19 संकट के बीच रिलीफ पैकेज के लिए बधाई देता हूं। वो (केंद्र सरकार) जितना पैसा चाहें छाप सकते हैं, मगर उन्हें मेरे जैसे एक छोटे कंट्रीब्यूटर को नजरंदाज नहीं करना चाहिए, जो स्टेट बैंक का सारा पैसा वापस लौटाना चाहता है। कृपया मुझसे पैसा ले लें और सब (मामले) खत्म करें।" ये दूसरी बार है जब कोरोना माहामारी के बाद लॉकडाउन के बीच विजय माल्या ने ट्वीट कर सरकार से मदद मांगी है।
मार्च में भी मांगी थी मदद
इससे पहले मार्च में भी माल्या ने केंद्र सरकार से मदद मांगी थी। इतना ही नहीं उन्होंने ये भी कहा था कि वो बैंक का सारा कर्ज लौटाने के लिए तैयार हैं मगर बैंक और प्रवर्तन निदेशालय कर्ज वापस लेने के लिए तैयार ही नहीं हैं। माल्या ने ट्वीट में लिखा था, "भारत सरकार ने पूरे देश को लॉकडाउन कर दिया है, जो किसी ने सोचा नहीं था। हम इसका सम्मान करते हैं, मगर लॉकडाउन की वजह से मेरी सभी कंपनियों में का काम बंद हो गया है।"
माल्या पर 9 हजार करोड़ का कर्ज
माल्या ने यह भी लिखा था, "हर तरह का प्रोडक्शन भी बंद है। बावजूद हम अपने कर्मचारियों को घर नहीं लौटा रहे हैं और इसकी कीमत चुका रहे हैं। केंद्र सरकार को हमारी मदद करनी चाहिए।" विजय माल्या के ऊपर 17 बैंकों का करीब 9 हजार करोड़ रुपये का कर्ज है। माल्या गुपचुप तरीके से भारत छोड़कर भाग चुके हैं। फिलहाल वो लंदन में हैं। केंद्र सरकार उनके प्रत्यर्पण की कोशिशों में लगा हुआ है।
व्यापार समाचार: Read latest business news in Hindi, Investment News, Insurance News, Personal Finance Tips & Budget News Live Updates at Asianet Hindi News