Share Market Today: महज 6 घंटों में बने ₹8 लाख करोड़! 2000 अंक उछला सेंसेक्स, निफ्टी भी 24000 पार

Published : Nov 05, 2026, 04:01 PM IST
Share Market

सार

Stock Market Today: शेयर बाजार में गुरुवार को बंपर तेजी आई। सेंसेक्स 2000 अंक उछला और निफ्टी 24000 पार पहुंच गया। महज 6 घंटे में 8 लाख करोड़ बने। जानें 3 बड़े कारण।

Why Share Market Rising Today: शेयर बाजार में गुरुवार, 5 नवंबर की सुबह बाजार खुलते ही पैसों की बारिश शुरू हो गई। महज 6 घंटों के अंदर निवेशकों ने करीब 8 लाख करोड़ रुपए की बंपर कमाई कर ली। इस दौरान सेंसेक्स (Sensex) ने 2000 से ज्यादा अंकों की छलांग लगाई और 79,330 का लेवल छू लिया। वहीं, निफ्टी (Nifty) भी पीछे नहीं रहा और 581 अंक उछलकर 24,548 पर पहुंच गया। सबसे बड़ी बात ये रही कि 4 सितंबर 2026 के बाद आज पहली बार निफ्टी ने 24,000 का अहम आंकड़ा पार किया है। अब सवाल उठता है कि दिवाली से पहले अचानक शेयर बाजार में इतनी बड़ी तेजी क्यों आई? आइए जानते हैं इसके 3 बड़े कारण...

कच्चे तेल के दाम धड़ाम से गिरे

बाजार में आई इस आंधी का सबसे बड़ा कारण कच्चा तेल (Crude Oil) है। दरअसल, अमेरिका में हुए मिडटर्म चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को झटका लगा है और डेमोक्रेट्स ने दोनों सदनों में बाजी मार ली है। बाजार के जानकारों को लगता है कि अब ट्रंप सरकार पर अमेरिका-ईरान तनाव कम करने का दबाव बढ़ेगा। इसी वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें करीब 8% तक गिर गईं। ब्रेंट क्रूड टूटकर 94 डॉलर और अमेरिकी क्रूड 88 डॉलर प्रति बैरल के करीब आ गया। जब कच्चा तेल सस्ता होता है, तो भारत को सबसे ज्यादा फायदा होता है, क्योंकि हमारा पेट्रोल-डीजल का बिल कम हो जाता है। इसी खुशी में हमारा शेयर बाजार झूम उठा।

विदेशी निवेशकों की जोरदार वापसी

पिछले दो महीनों (सितंबर और अक्टूबर) में विदेशी निवेशकों (FIIs) ने भारतीय बाजार से 90,000 करोड़ रुपए निकालकर सबको डरा दिया था। लेकिन अब वे वापस लौट आए हैं। बुधवार को इन विदेशी निवेशकों ने 7,284 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे, जो अक्टूबर 2025 के बाद एक दिन में की गई सबसे बड़ी खरीदारी है। नवंबर महीने में अब तक वे 17,000 करोड़ रुपए बाजार में लगा चुके हैं। जब विदेशी पैसा वापस आता है, तो इसका असर बाजार पर दिखने लगता है।

अमेरिकी शेयर बाजार का मजबूत सपोर्ट

अमेरिका के चुनाव नतीजों के बाद वहां का शेयर बाजार भी गदगद है। वॉल स्ट्रीट (Wall Street) में शानदार तेजी देखी गई। डाओ जोंस 3% और S&P 500 इंडेक्स 1.6% उछल गया। अमेरिका में आई इस तेजी ने दुनिया भर के बाजारों में पॉजिटिव माहौल (Global Sentiment) बना दिया, जिसका फायदा भारतीय बाजार को मिला।

डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में दी गई जानकारी सिर्फ सूचना और एजुकेशनल उद्देश्य के लिए है। इसे किसी भी शेयर को खरीदने या बेचने की सलाह न माना जाए। शेयर बाजार में निवेश बाजार के जोखिमों के अधीन है। किसी भी शेयर में पैसा लगाने से पहले अपने फाइनेंशियल एडवाइजर की सलाह जरूर लें।

PREV

अर्थव्यवस्था, बजट, स्टार्टअप्स, उद्योग जगत और शेयर मार्केट अपडेट्स के लिए Business News in Hindi पढ़ें। निवेश सलाह, बैंकिंग अपडेट्स और गोल्ड-सिल्वर रेट्स समेत पर्सनल फाइनेंस की जानकारी Money News in Hindi सेक्शन में पाएं। वित्तीय दुनिया की स्पष्ट और उपयोगी जानकारी — Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

ALERT! धनतेरस पर बिकने वाले ज्यादातर बर्तनों में होता है ये झोल, खरीदने से पहले ऐसे पहचानें असली-नकली!
Tata Motors Share में छप्परफाड़ मुनाफे का मौका? 8% छलांग के बाद ब्रोकरेज बोले-'ये तो बस ट्रेलर है!