
Dhanteras Shopping Tips: शुक्रवार, 6 नवंबर को धनतेरस है। इस दिन बाजार में पैर रखने की जगह नहीं होती है। हर कोई शगुन के नाम पर कोई न कोई बर्तन जरूर खरीदता है। लेकिन क्या आपको पता है कि भीड़ का फायदा उठाकर कुछ दुकानदार आपको 'चूना' लगा देते हैं? जी हां, धनतेरस की भारी सेल में कुछ दुकानदार मिलावटी और नकली बर्तन बेच देते हैं। देखने में ये एकदम चमचमाते हुए असली स्टील, पीतल या तांबे के लगते हैं, लेकिन कुछ ही दिनों में इनका रंग उड़ने लगता है या इनमें जंग लग जाती है। अगर आप नहीं चाहते कि आपके पैसे बर्बाद हो, तो मार्केट जाने से पहले 4 आसान ट्रिक्स जरूर जान लें। इनसे आप सेकंडों में असली और नकली बर्तन की पहचान कर सकते हैं।
बाजार में सबसे ज्यादा धोखा स्टील के बर्तनों में होता है। कुछ दुकानदार लोहे में हल्की सी स्टील मिलाकर और पॉलिश करके उसे असली 'स्टेनलेस स्टील' बताकर बेच देते हैं।
पहचानने का तरीका
शॉपिंग पर जाते समय अपने साथ एक छोटा सा चुंबक रख लें। बर्तन पर चुंबक चिपका कर देखें। अगर चुंबक चिपक गया, तो समझ जाइए कि उसमें लोहे की मिलावट ज्यादा है और वो असली या अच्छी क्वॉलिटी का स्टील नहीं है।
धनतेरस पर लोग पूजा के लिए पीतल या तांबे के लोटे और थाली खूब खरीदते हैं। आजकल एल्युमीनियम या लोहे के बर्तनों पर तांबे या पीतल का रंग (पेंट) चढ़ाकर बेचा जा रहा है।
पहचानने का तरीका
बर्तन खरीदते वक्त उसके किसी छिपने वाले हिस्से(जैसे नीचे की तरफ को किसी खुरदरी चीज या चाबी से हल्का सा रगड़ कर देखें। अगर अंदर से सफेद या काला रंग निकले, तो बर्तन नकली है। असली तांबा या पीतल रगड़ने पर भी अंदर से उसी रंग का निकलता है।
बर्तन के असली या नकली होने का राज उसकी आवाज में भी छिपा होता है। इससे भी आप पता लगा सकते हैं, बर्तन असली है या नकली।
पहचानने का तरीका
किसी चम्मच या पेन से बर्तन पर हल्का सा मार कर देखें। अगर पीतल या कांसे का बर्तन असली है, तो उसमें से बहुत तेज, सुरीली और गूंजने वाली 'टन-टन' की आवाज आएगी। वहीं, अगर मिलावटी धातु होगी, तो आवाज भारी और दबी हुई 'डब-डब' सी आएगी।
सस्ते और मिलावटी बर्तन अक्सर बहुत हल्के होते हैं। इनसे भी आप अंदाजा लगा सकते हैं कि बर्तन सही खरीद रहे हैं या नहीं।
पहचानने का तरीका
बर्तन को हाथ में लेकर उसका वजन महसूस करें। असली तांबे, पीतल या अच्छी ग्रेड वाले स्टील के बर्तन थोड़े भारी और मजबूत होते हैं। अगर बर्तन देखने में बड़ा है, लेकिन उठाने में एकदम हल्का लग रहा है, तो समझ लें कि मामला गड़बड़ है।
सड़क किनारे या बिना नाम वाली दुकानों से बर्तन लेने के बजाय, कोशिश करें कि वहीं से लें जहां बर्तनों पर ब्रांड का नाम, ग्रेड जैसे 304 स्टील या ISI मार्क छपा हो। इससे आप नकली बर्तन खरीदने से बच सकते हैं।
डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में बर्तनों की असली-नकली पहचान करने के लिए दी गई जानकारी और ट्रिक्स सामान्य मान्यताओं और घरेलू तरीकों पर आधारित हैं। हमारा उद्देश्य धनतेरस की खरीदारी के दौरान आपको सिर्फ सतर्क करना और सही जानकारी देना है। किसी भी धातु की 100% शुद्धता की पुष्टि के लिए हमेशा दुकानदार से पक्का बिल (GST Invoice) मांगें और ISI मार्क या ब्रांड की जांच जरूर करें। खरीदारी के दौरान अपने विवेक का इस्तेमाल करें, किसी भी तरह के नुकसान के लिए हम जिम्मेदार नहीं होंगे।
अर्थव्यवस्था, बजट, स्टार्टअप्स, उद्योग जगत और शेयर मार्केट अपडेट्स के लिए Business News in Hindi पढ़ें। निवेश सलाह, बैंकिंग अपडेट्स और गोल्ड-सिल्वर रेट्स समेत पर्सनल फाइनेंस की जानकारी Money News in Hindi सेक्शन में पाएं। वित्तीय दुनिया की स्पष्ट और उपयोगी जानकारी — Asianet News Hindi पर।