
Reddit Viral Post: सिविल इंजीनियरिंग को कभी सबसे भरोसेमंद और सम्मानजनक करियर विकल्पों में गिना जाता था, लेकिन बदलते प्रोफेशनल माहौल में इस क्षेत्र से जुड़े कई लोग अब अलग तरह की चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। हाल ही में 33 वर्षीय एक सिविल इंजीनियर की Reddit पोस्ट ने इसी मुद्दे को फिर चर्चा में ला दिया। उन्होंने अपने करियर को लेकर गहरी निराशा, काम के दबाव और भविष्य को लेकर असमंजस खुलकर शेयर किया, जिस पर बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी राय और सलाह दी। पोस्ट में इंजीनियर ने बताया कि उन्होंने कई साल तक सिविल इंजीनियरिंग में अपना करियर बनाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें वह संतुष्टि नहीं मिली जिसकी उम्मीद थी। उन्होंने लिखा कि अगर मौका मिलता तो वह शुरुआत में ही किसी दूसरे इंजीनियरिंग ब्रांच का चुनाव करते या फिर समय रहते आईटी सेक्टर में चले जाते। उन्होंने यह भी बताया कि सरकारी नौकरी की तैयारी भी की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
इंजीनियर के मुताबिक, करियर की शुरुआत उन्होंने एक साल तक कंस्ट्रक्शन साइट पर काम करके की। इसके बाद बेहतर वर्क-लाइफ बैलेंस की उम्मीद में उन्होंने Building Information Modelling (BIM) सेक्टर का रुख किया। हालांकि उनका कहना है कि प्रोफाइल बदलने के बावजूद काम का दबाव और वर्क कल्चर में कोई खास बदलाव नहीं आया। उन्होंने बताया कि वह अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स पर काम करते हैं, लेकिन कई बार भारतीय मैनेजमेंट की लगातार काम करने वाले कल्चर के कारण कर्मचारियों से भी हर समय उपलब्ध रहने की उम्मीद की जाती है। उनका कहना था कि इतने दबाव के बावजूद आय उम्मीद के मुताबिक नहीं बढ़ सकी। नीचे देखें रेडिट वायरल पोस्ट-
पोस्ट में इंजीनियर ने यह भी लिखा कि 33 साल की उम्र में उन्हें लगता है कि अब करियर बदलना आसान नहीं है। लेकिन Reddit यूजर्स ने इस सोच से अलग राय रखी। कई लोगों ने कहा कि इस उम्र में भी नए अवसर तलाशे जा सकते हैं और सही दिशा में कदम बढ़ाने में कभी देर नहीं होती। कुछ यूजर्स ने सुझाव दिया कि वह अपनी तकनीकी विशेषज्ञता का इस्तेमाल करते हुए खुद का छोटा बिजनेस शुरू कर सकते हैं। वहीं कुछ लोगों ने उच्च शिक्षा, MBA, MTech या मैनेजमेंट से जुड़े विकल्पों पर विचार करने की सलाह दी। कुछ ने एकेडमिक फील्ड या इंजीनियरिंग कोचिंग में करियर बनाने का सुझाव भी दिया।
चर्चा के दौरान कई लोगों ने यह भी कहा कि सिविल इंजीनियरिंग का भविष्य अभी भी मजबूत माना जा रहा है। उनका तर्क था कि इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में लगातार बढ़ते इनवेस्टमेंट और डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स के कारण इस क्षेत्र में योग्य प्रोफेशनल्स की जरूरत बनी रहेगी। कुछ यूजर्स ने दुबई और कनाडा जैसे देशों में उपलब्ध अवसरों की तरफ ध्यान दिलाते हुए इंटरनेशनल जॉब मार्केट को भी एक ऑप्शन बताया। यह पोस्ट सिर्फ एक व्यक्ति की निराशा तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसने करियर संतुष्टि, वर्क-लाइफ बैलेंस, बेहतर कार्य संस्कृति और समय रहते सही करियर निर्णय लेने जैसे अहम मुद्दों पर नई बहस छेड़ दी। यही वजह है कि यह अनुभव सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में प्रोफेशनल्स के साथ जुड़ाव पैदा कर रहा है।
सरकारी नौकरियों की नोटिफिकेशन, परीक्षा तिथियां, एडमिट कार्ड, रिज़ल्ट और कट-ऑफ अपडेट्स पाएं। करियर टिप्स, स्किल डेवलपमेंट और एग्ज़ाम गाइडेंस के लिए Career News in Hindi और सरकारी भर्ती से जुड़े ताज़ा अपडेट्स के लिए Sarkari Naukri सेक्शन देखें — नौकरी और करियर जानकारी भरोसेमंद तरीके से यहीं।