
Viral Reddit Post: विदेश जाकर बेहतर भविष्य बनाने का सपना हर साल हजारों भारतीय छात्र देखते हैं। लेकिन हर कहानी सफलता की नहीं होती। हाल ही में एक 26 वर्षीय भारतीय युवक की आपबीती सोशल मीडिया पर चर्चा में है। कनाडा में पांच साल बिताने के बाद वह स्थायी निवास (PR) हासिल नहीं कर पाया और मजबूर होकर भारत लौटना पड़ा। उसे उम्मीद थी कि घर लौटने पर परिवार और अपनों का साथ मिलेगा, लेकिन हकीकत उसकी सोच से बिल्कुल अलग निकली।
युवक ने बताया कि भारत लौटने के बाद सबसे पहले उसे जिस चीज ने परेशान किया, वह थी उसकी निजी जिंदगी में लगातार दखल। जहां भी वह जाता, लोग एक ही सवाल पूछते "अब शादी कब कर रहे हो?" महज 26 साल की उम्र में शादी को लेकर बार-बार होने वाली चर्चा ने उसे मानसिक रूप से थका दिया। उसका कहना है कि उसे महसूस हुआ कि लोग उसकी परिस्थितियों को समझने के बजाय केवल सामाजिक अपेक्षाओं के आधार पर उसे आंक रहे हैं।
युवक के मुताबिक, कनाडा में रहने के दौरान वह हर महीने घर पैसे भेजता था। परिवार के खर्चों के साथ-साथ EMI में भी आर्थिक मदद करता था। इतना ही नहीं, उसने अपनी पढ़ाई के लिए लिया गया एजुकेशन लोन भी खुद ही चुकाना शुरू किया था। लेकिन भारत लौटने के बाद जब उसकी नियमित आय बंद हो गई और वह नई नौकरी की तलाश में जुटा, तब उसे लोगों के व्यवहार में बड़ा बदलाव महसूस हुआ। उसे लगा कि जब तक वह कमाकर भेज रहा था, तब तक सब ठीक था, लेकिन अब उसकी अहमियत पहले जैसी नहीं रही।
युवक ने बताया कि सबसे ज्यादा तकलीफ उसे अपने ही घर में सुनने को मिली बातों से हुई। उसके अनुसार, उसकी मां ने कहा कि शायद उसने PR हासिल करने के लिए पर्याप्त मेहनत नहीं की और कनाडा जाना ही बेकार साबित हुआ। युवक का कहना है कि यह बात उसे इसलिए ज्यादा चुभी क्योंकि विदेश में पढ़ाई और रहने के लिए लिया गया लोन वह खुद चुका रहा है। ऐसे में पूरे संघर्ष को नजरअंदाज कर केवल नतीजे के आधार पर उसकी कोशिशों को आंकना उसे बेहद निराश कर गया। नीचे देखें वायरल रेडिट पोस्ट-
अपनी पोस्ट में युवक ने स्वीकार किया कि कई बार वह मानसिक रूप से इतना टूट गया कि उसके मन में गलत विचार भी आए। हालांकि उसने यह भी माना कि वह रास्ता सही नहीं होता। सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोगों ने उसका समर्थन किया। कई यूजर्स ने सलाह दी कि फिलहाल दूसरों की बातों पर ध्यान देने के बजाय अपने करियर पर फोकस करना चाहिए। कुछ लोगों ने कहा कि समय के साथ परिस्थितियां बदलती हैं और अच्छी नौकरी मिलने के बाद वही लोग नजरिया भी बदल लेते हैं। वहीं कई यूजर्स ने उसे नए शहर में जाकर नई शुरुआत करने और धैर्य बनाए रखने की सलाह दी। यह कहानी सिर्फ एक युवक की नहीं, बल्कि उन कई युवाओं की भावनाओं को सामने लाती है जो विदेश से लौटने के बाद करियर, आर्थिक दबाव और सामाजिक अपेक्षाओं के बीच खुद को संभालने की कोशिश कर रहे हैं।
सरकारी नौकरियों की नोटिफिकेशन, परीक्षा तिथियां, एडमिट कार्ड, रिज़ल्ट और कट-ऑफ अपडेट्स पाएं। करियर टिप्स, स्किल डेवलपमेंट और एग्ज़ाम गाइडेंस के लिए Career News in Hindi और सरकारी भर्ती से जुड़े ताज़ा अपडेट्स के लिए Sarkari Naukri सेक्शन देखें — नौकरी और करियर जानकारी भरोसेमंद तरीके से यहीं।